मंडी में नहीं मिल रहा सस्ता राशन

पांगणा (मंडी)। उपमंडल करसोग व जिले के सभी खाद्य डिपुओं में तेल व चीनी की खेप न पहुंचने पर शिवरात्रि महापर्व पर खासतौर से पकने वाले पकवानों की मिठास फिकी रहेगी। आम ग्रामीण डिपुओं पर राशन लेने तो कतारों में लग रहे हैं। वही तेल व चीनी न मिलने से मायूस होकर महंगा तेल व चीनी खरीदने पर मजबूर हैं। करसोग के पांच दर्जन से अधिक डिपुओं में शिवरात्रि के महापर्व पर तेल व चीनी न मिलने से ग्रामीणों का पूरा बजट बिगड़ गया है। इसके चलते सुकेत में शिवरात्रि पर्व पर मीठे वावरू व भल्ले का स्वाद महंगा तेल व चीनी ने बिगाड़ दिया है।
ग्रामीणों में नेक राम, मुनी लाल, भीम शर्मा, केवल राम, जानकी देवी, कमलदेव, प्रोमिला, कलीदेवी, कल्पना देवी व सोमकृष्ण आदि का कहना है कि आम लोग इस बार डिपुआें से शिवरात्रि पर अतिरिक्त तेल व चीनी के साथ राशन की खास खेप मिलने की आस में थे। वहीं जब डिपुओं पर राशन के लिए गए तो मासिक लेवी चीनी व निर्धारित तेल भी नहीं मिल रहा है। इसके चलते ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को भारी परेशानी उठा कर महंगा तेल व चीनी खरीदना पड़ रहा है। इससे आम किसानों व मजदूरी कर पेट पालने वाले लोगों का यह त्यौहार ही फीका पड़ गया है।
खाद्य आपूर्ति निगम के एरिया मैनेजर कपिल गुप्ता का कहना है कि इस बार उचित मूल्यों में राशन के टेंडर देरी से होने पर यह परेशानी आई है। अब टेंडर हो चुके हैं। जल्द ही राशन में तेल व चीनी की खेप डिपुओं में पहुंचाई जाएगी।

Related posts