भूस्खलन से शिमला-कालका हाईवे बाधित, हमीरपुर में खड्ड के बीच फंसे चार वाहन

भूस्खलन से शिमला-कालका हाईवे बाधित, हमीरपुर में खड्ड के बीच फंसे चार वाहन

शिमला

येलो अलर्ट के बीच हिमाचल प्रदेश में जारी भारी बारिश से कई जगह व्यापक नुकसान हुआ है। सिरमौर में भूस्खलन से आधा दर्जन सड़कें बंद हो गई हैं। शिमला-कालका नेशनल हाईवे पर धर्मपुर के पास कई जगह पहाड़ से पत्थर गिरने से यातायात प्रभावित हुआ है। किन्नौर जिला के निगुलसेरी में बीते दिनों जिस स्थान पर पहाड़ गिरा था वहां शनिवार सुबह से दोबारा पत्थर गिरना शुरू हो गए हैं।

जिला प्रशासन ने एहतियातन इस मार्ग पर वाहनों की आवाजाही पर रोक लगा दी है। कांगड़ा में एक बस पर पेड़ गिरा है। मौसम विभाग ने आज भी प्रदेश के मैदानी व मध्य पर्वतीय भागों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। 26 अगस्त तक प्रदेश में बारिश का दौर जारी रहने का पूर्वानुमान है। जिला सोलन के कंडाघाट में धुंध के चलते करीब 16 वाहन टकरा गए हैं। धर्मपुर से परवाणू सोलन तक हाईवे पर जगह-जगह भूस्खलन से सफर खतरनाक हो गया है। 

हमीरपुर जिले में पुंग खड्ड उफान पर है। खड्ड के बीच तीन टिप्पर और एक जेसीबी फंस गई। पुलिस और दमकल विभाग के कर्मचारी बचाव कार्य में जुटे हैं। मूसलाधार बारिश के चलते अचानक खड्ड का जलस्तर बढ़ गया। खतरा बढ़ता देख चालक टिप्पर की छत पर चढ़ गया।

राजधानी शिमला में कई जगह पेड़ गिरने से नुकसान हुआ है। बारिश से ऊपरी शिमला में सेब तुड़ान प्रभावित हुआ है। शुक्रवार रात से प्रदेश भर में बारिश का दौर जारी है। 

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने शनिवार को प्रदेश के पांच जिलों कुल्लू, कांगड़ा, शिमला, किन्नौर और मंडी में बाढ़ आने की चेतावनी जारी की गई है। कुल्लू जिले में भी बारिश हो रही है।

रामपुर और किन्नौर में भी हल्की बारिश हो रही है। नालागढ़ के पास एचआरटीसी की बस खाई में गिर गई है, हालांकि सवारियों को हल्की चोटें ही आई हैं।

सोलन के कंडाघाट में सुबह सेब से लदे ट्रक की ब्रेक फेल हो गई और 16 गाड़ियों में टक्कर हो गई। धुंध के चलते गाड़िया दृश्यता कम होने से एक-दूसरे से टकरा गईं। हालांकि किसी को चोटें नहीं आई हैं। 

Related posts