भितरघात पर कौल की बहन को नोटिस

महादेव (मंडी)। नाचन हलके में विधानसभा चुनावों में कांग्रेस प्रत्याशी टेक चंद डोगरा की कम अंतर से हार को साजिश का हिस्सा करार दिया गया है। इसके लिए नाचन ब्लाक कांग्रेस ने बैठक में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर कांग्रेस विरोधी कार्य करने के लिए नाचन कांग्रेस पार्टी के अल्पसंख्यक मोर्चा के अध्यक्ष रहमत अली, राजीव गांधी पंचायत राज संगठन के ब्लाक अध्यक्ष ब्रह्मदास चौहान, रजवाड़ी पंचायत प्रधान जागृति राणा, लाल सिंह कौशल दयारगी, सुरेश चौधरी, युवा कांग्रेस के दीप शर्मा और उपेंद्र ठाकुर को नोटिस जारी किया है। गौरतलब है कि रजवाड़ी पंचायत प्रधान जागृति राणा कांग्रेस पार्टी के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष ठाकुर कौल सिंह की बहन हैं। रजवाड़ी पंचायत परिसीमन के बाद बल्ह हलके से नाचन में जुड़ी है और नाचन के प्रत्याशी टेक चंद डोगरा प्रदेश के मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के हनुमान के रूप में प्रसिद्ध हैं। इन चुनावों में टेक चंद डोगरा की मात्र 1600 मत से हार हुई है। ब्लाक कांग्रेस ने चुनावों के दौरान कार्यकर्ताओं की आई शिकायतों की समीक्षा की। ब्लाक कांग्रेस ने साजिश के तहत कांग्रेस विरोधी गतिविधियों को अंजाम देने वाले नेताओं को नोटिस जारी कर दिए हैं। ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष टेक सिंह राघव ने बताया कि मौजूद कार्यकर्ताओं ने हार के लिए एक बड़ी साजिश के तहत भितरघात किया है। उन्होंने कहा कि उक्त कांग्रेस नेता ब्लाक कांग्रेस की बैठक में भी शामिल नहीं होते और चुनावों के दौरान कांग्रेस प्रत्याशी को हराने के लिए झूठा प्रचार करने में संलिप्त पाए गए थे। नाचन में कांग्रेस के करीब बीस हजार सदस्य हैं और कांग्रेस की पांच हजार से अधिक मतों से जीतने की संभावना थी, परंतु अंतिम चार दिनों में साजिश के तहत भितरघात के कारण कांग्रेस को हार देखनी पड़ी है। उन्होंने कहा कि इस साजिश और भितरघात करने वालों को प्रदेश के मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह सहित कांग्रेस हाईकमान को भी अवगत करवाया जाएगा।

Related posts