भारी भूस्खलन से रोहल संपर्क सड़क बंद

रोहडू। चिड़गांव तहसील के तहत रोहल संपर्क मार्ग भारी भूस्खलन के चलते दो दिन से बंद पड़ा है। गुशाली डैम के समीप पूरा ढांक गिरकर सड़क पर आ गया है। इससे यातायात ठप पड़ा हुआ है। भूस्खलन के बाद भारी बारिश से सड़क पर पानी का तालाब बन गया है। इससे स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों से दो चार होना पड़ रहा है। मार्ग बंद होने से सेब की हजारों पेटियां क्षेत्र में ही फंस गई हैं। रोहल संपर्क मार्ग से रोहल पंचायत सहित गौंसारी पंचायत के एक दर्जन से अधिक गांव लाभान्वित होते हैं। इस सड़क पर दो दिन से यातायात ठप पड़ा हुआ है। सेब से लदे वाहन मार्ग पर ही फंस गए हैं। क्षेत्र में सेब तुड़ान का कार्य जोरों से चल रहा है। मार्ग बंद होने के कारण अब बागवानों को अपनी फसल बर्बाद होने की चिंता सताने लगी है। लोगों की मांग है कि सड़क को शीघ्र बहाल किया जाए। गौंसारी नवयुवक मंडल के प्रधान भगवान सिंह, रविंद्र, सुरेश कुमार, राजू, दीप चंद तथा अहलोद ने बताया कि सड़क दो दिन से बंद है। इसके चलते हजारों सेब की पेटियां क्षेत्र में ही फंस गई हैं। उन्होंने बताया कि अगर शीघ्र सड़क बहाल नहीं की गई तो बागवानों का सेब बर्बाद हो जाएगा। उन्हाेंने प्रशासन से मांग की है कि शीघ्र सड़क को बहाल किया जाए। लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता अखिल चौहान ने बताया कि करीब साठ मीटर ढांक सड़क पर आ गिरी है। पूरा मार्ग भूस्खलन से बंद हो गया है। इसके साथ ही धीरे-धीरे भूस्खलन भी हो रहा है। इससे सड़क खोलने के लिए मशीन लगाना भी मुश्किल है। उन्होंने बताया कि सड़क को खोलने के हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।

Related posts