भारी बर्फबारी से डेढ़ सौ से ज्यादा मकान क्षतिग्रस्त

रामपुर बुशहर/किन्नौर। भारी बर्फबारी और बारिश के चलते रामपुर और किन्नौर में 157 घरों को खासा नुकसान पहुंचा है। प्रशासन का दावा है कि यह आंकड़ा और भी बढ़ सकता है। जिले में दूरसंचार व्यवस्था ठप होने के कारण किसी से संपर्क नहीं हो पा रहा है।
भारी बारिश और बर्फबारी के चलते रामपुर के खोपड़ी में सात मकानों को काफी नुकसान पहुंचा है। इनमें से छह मकानों पर मलबा गिरने से नुकसान हुआ है, जबकि एक मकान लैंड स्लाइडिंग होने से क्षतिग्रस्त हो गया है। बारिश से कई घरों की छतें उड़ गई हैं तो कहीं दीवारें ढह गई हैं। रामपुर एसडीएम दलीप नेगी ने कहा है कि नुकसान का आंकड़ा और ज्यादा हो सकता है। सड़कें और दूरसंचार व्यवस्था ठप होने की वजह से संपर्क साधने में भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक सूचना के मुताबिक रामपुर में सात घरों को बर्फबारी और बारिश के चलते नुकसान पहुंचा है। उधर, किन्नौर के पूह, निचार और सांगला में भी बर्फ कहर बनकर बरसी। यहां करीब डेढ़ सौ घरों को बर्फबारी ने भारी नुकसान पहुंचाया है। यहां पानी-बिजली और सड़कें बंद होने की वजह से लोगों को परेशानियों से दो चार होना पड़ रहा है। किन्नौर के डीसी कै. जेएम पठानिया ने कहा कि किन्नौर में बर्फबारी से करीब डेढ़ सौ घरों को नुकसान पहुंचा है। नुकसान का आंकड़ा और भी बढ़ सकता है। उन्होंने बताया कि और कितने घर हिमखंडों में दबे हैं, इसके बारे में कुछ नहीं कहा जा सकता। सड़कें बंद होने के चलते यह आंकड़ा जुटा पाना मुश्किल है। किन्नौर में बिजली-पानी और सड़कें बंद होने से लोगों को भारी परेशानियों से दो चार होना पड़ रहा है। डीसी ने किन्नौर के लोगों को बिना किसी काम के घर से बाहर न निकलने की हिदायत दी है। उन्होंने कहा कि धूप खिलने के बाद हिमखंडों के खिसकने का ज्यादा खतरा बना रहता है। लोग मौसम की बेरुखी के चलते सतर्क रहें।

Related posts