भारत ने ‘घुसपैठिया’ सैनिक का शव सौंपा, भड़का पाकिस्तान

जम्मू/इस्लामाबाद: जम्मू कश्मीर के राजौरी जिले में सेना के साथ मुठभेड़ में मारे गए पाकिस्तानी सैनिक का शव शुक्रवार को पाकिस्तानी सैन्य अधिकारियों को सौंप दिया। दूसरी तरफ इस घटना की निंदा करते हुए पाकिस्तान ने कहा है कि इस घटना से दोनों देशों के बीच माहौल बिगड़ सकता है।

आधिकारिक सूत्रों ने यहां बताया कि सेना ने मारे गए सैनिक का शव आज शाम पांच बजकर पचपन मिनट पर पाकिस्तानी अधिकारियों को सौंप दिया। पाकिस्तानी सेना के इस दावे के बाद कि उनका एक सैनिक गलती से नियंत्रण रेखा पार कर गया था, शव उन्हें सौंप दिया गया।

सूत्रों ने बताया कि यह सैनिक पाकिस्तान की ओर से नियंत्रण रेखा पार करके कल इस ओर घुस आया था। उन्होंने बताया कि लाम सेक्टर में सेना के जवान अपराह्न तीन बजे से उसकी गतिविधियों पर लगातार नजर रखे हुए थे। संदिग्ध जब भारतीय सीमा के भीतर 200 मीटर से आगे घुस आए तो सैनिकों ने उसे आत्मसमर्पण करने को कहा लेकिन उसने सैनिकों पर गोलीबारी शुरू कर दी जिससे दो जवान घायल हो गए। सैनिकों की जवाबी कार्रवाई में पाकिस्तानी सैनिक की मौत हो गई। उसके पास से एक एके-56 राइफल और गोला बारूद बरामद किए गए। सैनिक की पहचान मोहम्मद इकलाक के रूप में की गई है।

सूत्रों ने बताया कि पाकिस्तानी सेना के सैन्य संचालन महानिदेशक ने आज सुबह भारतीय सैन्य संचालन महानिदेशक को फोन करके अपने सैनिक के शव को वापस करने का अनुरोध किया। इसके बाद पूरे सैन्य सम्मान के साथ सैनिक का शव पाकिस्तानी अधिकारियों को सौंप दिया गया।

घुसपैठिया सैनिक के मारे जाने पर भड़का पाकिस्तान

जम्मू-कश्मीर में नियंत्रण रेखा पर भारतीय सैनिकों की ओर से अपने एक सैनिक के मार गिराए जाने की निंदा करते हुए पाकिस्तान ने कहा है कि इस घटना से दोनों देशों के बीच माहौल बिगड़ सकता है।

पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता मोअज्जम खान ने कहा, ‘‘पाकिस्तानी सैनिक की हत्या पाकिस्तान और भारत के बीच बनी सहमति के खिलाफ है और इससे आगे माहौल बिगड़ सकता है।’’ खान ने एक बयान में कहा, ‘‘पाकिस्तान ने भारत सरकार से कहा है कि वह इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना की गहन जांच कराए और यह सुनिश्चित करे कि भविष्य में इस तरह की घटनाएं नहीं होंगी।’’

नई दिल्ली में भारतीय सेना के एक प्रवक्ता ने कहा कि नियंत्रण रेखा से लगे नौशेरा सेक्टर में पाकिस्तान सैनिक कल घुस आया था और मारा गया। इस घटना से एक महीने पहले पाकिस्तानी सैनिकों ने भारतीय सीमा पर घुसकर भारत के दो जवानों की निर्मम हत्या कर दी थी। भारतीय सेना के प्रवक्ता ने कहा कि पाकिस्तान सैनिक ने भारतीय गश्ती दल पर गोलीबारी की और जवाबी गोलीबारी में मारा गया। इस सैनिक का शव लौटा दिया गया है।

पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता खान ने कहा कि पाकिस्तानी सैनिक रास्ता भूल गया था और गलती से नियंत्रण रेखा पार कर गया।
‘इंटर सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस’ के एक प्रवक्ता ने सैनिक के मारे जाने की निंदा करते हुए इसे ‘अमानवीय और वीभत्स’ हत्या करार दिया है।

यह घटना ऐसे समय पर हुई है जब 742 किमी लंबी नियंत्रण रेखा पर दोनों ओर से एक दूसरे पर संघर्षविराम उल्लंघन के आरोप लगाए जा रहे हैं। दोनों देशों के बीच 2003 में संघर्ष विराम अमल में आया था।

Related posts