भाजपा से निष्कासित छह पदाधिकारियों की वापसी तय

सुजानपुर (हमीरपुर)। सुजानपुर भाजपा मंडल के निष्कासित पदाधिकारियों की पार्टी में वापसी की तैयारी हो गई है। जल्द ही पार्टी के करीब आधा दर्जन बागियों की वापसी संभव हो सकती है। इनमें सुजानपुर के विधायक राजेंद्र राणा का नाम भी शामिल है। वापसी की संभावना की पुष्टि भाजपा मंडल ने भी सकारात्मक संकेत देकर कर दी है। विस चुनावों केे दौरान कुछ कार्यकर्ता भाजपा प्रत्याशी उर्मिल ठाकुर को छोड़ आजाद प्रत्याशी राजेंद्र राणा के साथ चले थे।
राणा ने भी पार्टी से बगावत कर आजाद प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ा था। जिस पर पार्टी ने राजेंद्र राणा सहित उनके समर्थकों को पार्टी से निष्कासित कर दिया था और पार्टी से बगावत कर राजेंद्र राणा भारी बहुमत से चुनाव जीते थे। चुनावों में भाजपा प्रत्याशी को करारी हार झेलनी पड़ी थी। अब लोकसभा चुनावों का समय नजदीक आ रहा है। ऐसे में पार्टी की मजबूती को लेकर भाजपा ने अभियान तेज कर दिया है।
भाजपा पार्टी से निष्कासित पदाधिकारियों की वापसी करवाने में लग गई है। ऐसे में राजेंद्र राणा और समर्थकों की वापसी तय मानी जा रही है क्योंकि विस चुनावों के दौरान राणा ने भाजपा और कांग्रेस दोनों के वोट बैंक में सेंधमारी की थी और 14 हजार के मतों के अंतर से चुनाव जीता था। ऐसे में सुजानपुर भाजपा मंडल में नेताओं की वापसी तय है जिनमें छह अन्य पदाधिकारी भी शामिल हैं। छह पदाधिकारियों में एक पंचायत अध्यक्ष, पूर्व सैनिक भाजपा प्रकोष्ठ अध्यक्ष, एससी मोर्चा अध्यक्ष, जिला परिषद सदस्य, बीडीसी सदस्य के नाम शामिल है जिनकी वापसी तय मानी जा रही है।
सुजानपुर भाजपा मंडल अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने बताया कि पार्टी ने छह पदाधिकारियों को निष्कासित किया था जिनकी कभी भी वापसी हो सकती है।

Related posts