
भल्याणी (कुल्लू)। भाजपा कुल्लू मंडल की बैठक में प्रदेश संगठन मंत्री पवन राणा ने कार्यकर्ताओं को सियासी गुर सिखाए। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए राणा ने कहा कि बूथ जीता तो चुनाव भी जीत लिया। इसलिए कार्यकर्ता अपने बूथ को मजबूत करें, भाजपा की आम चुनाव में जीत खुद व खुद सुनिश्चित हो जाएगी। ढालपुर पार्टी कार्यालय में हुई बैठक में संगठन मंत्री ने कार्यकर्ताओं से कोई सियासी चूक न करने की अपील की है। इस दौरान सदर भाजपा के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने उपस्थिति दर्ज करवाकर चुनावी टिप्स लिए। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष राम सिंह ने कार्यकर्ताओं से आम चुनाव के लिए कमर कसने को कहा। कार्यशाला में मनाली विस विधायक एवं कुल्लू जिला भाजपा अध्यक्ष गोविंद सिंह ठाकुर ने भी कार्यकर्ताओं में सियासी जोश भरा। सदर भाजपा अध्यक्ष विजेंद्र सेन ने कार्यकर्ताओं से जनसंपर्क अभियान छेड़ने की मुहिम को गति प्रदान करने की बात कही। महामंत्री अमर ठाकुर ने कार्यक्रम में शिरकत करने के लिए कार्यकर्ताओं तथा संगठन महामंत्री पवन राणा का आभार जताया। इस अवसर पर जिला भाजपा महासचिव भीम सेन शर्मा, प्रताप ठाकुर, भाजपा नेत्री अंबिका सूद, सचिव किशोरी लाल ठाकुर, लगघाटी शक्तिकेंद्र अध्यक्ष महेंद्र ठाकुर, प्रवक्ता राजेंद्र सिंह चौधरी, प्रेस सचिव सुरेश शर्मा, महासचिव अनिरुद्ध खैरा, अरुण कंबोज, भाजपा प्रदेश वीवर्स सेल के संयोजक शिव शरण चौहान तथा संजू पंडित सहित कई भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं ने अपनी हाजिरी भरी।
