भाजपा मंडलों में फेरबदल शीघ्र

ऊना। भाजपा ने ऊना में संगठन चुनाव के लिए तैयारियां पूरी कर ली हैं। जल्द ही भाजपा मंडलों में फेरबदल होगा। बूथ कार्यकारिणियों और प्रकोष्ठों के पदाधिकारी भी बदलेेंगे। पांचों मंडलों में चुनाव अधिकारियों की नियुक्ति कर दी गई है। 12 जनवरी तक बूथ कमेटियों के चुनाव निपटाए जाएंगे। जबकि 22 जनवरी तक मंडलों के चुनाव होंगे। विधानसभा चुनाव में पार्टी विरोधी गतिविधियों को अंजाम देने के आरोपों से घिरे लोगों पर भी कड़ी नजर रखी जा रही है। सूत्र बताते हैं कि कई विभीषणों ने भी पद पाने के लिए लाबिंग शुरू कर दी है। चुनाव प्रभारियों के पास उन लोगों की सूची भी मौजूद रहेगी, जिन्होंने पार्टी विरोधी कार्य को अंजाम दिया है। ऊना जिला के संगठन चुनाव अधिकारी प्यारे लाल ने पांचों मंडलों के लिए चुनाव अधिकारी नियुक्ति किए हैं। हरोली मंडल में चुनाव प्रक्रिया बलवीर बग्गा, ऊना मंडल में यशपाल राणा, गगरेट मंडल में ओंकार ठाकुर, चिंतपूर्णी मंडल में सुशील कालिया और कुटलैहड़ मंडल में हरिओम भनोट चुनाव प्रक्रिया निपटाएंगे। जिला भाजपा मीडिया प्रभारी हरिओम भनोट ने कहा कि 22 जनवरी तक बूथों और मंडलों में चुनाव प्रक्रिया निपटाई जाएगी। उन्होंने कहा कि युवाओं को संगठन में अधिमान दिया जाएगा।

Related posts