भाजपा ने मुख्यमंत्री सुक्खू के गृह क्षेत्र से शुरू किया चुनावी बैठकों का दौर, जहाँ से भाजपा को मिली थी करारी हार

भाजपा ने मुख्यमंत्री सुक्खू के गृह क्षेत्र से शुरू किया चुनावी बैठकों का दौर, जहाँ से भाजपा को मिली थी करारी हार

मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के गृह क्षेत्र हमीरपुर में सोमवार को भाजपा कोर ग्रुप की बैठक ने जून की तपती गर्मी में सियासी पारा और चढ़ा दिया है। भाजपा ने कोर ग्रुप की बैठक कर लोकसभा चुनावों की बिसात बिछा दी है। इसकी राजनीतिक गलियारों में खूब चर्चा हो रही है। सोमवार दोपहर बाद हमीरपुर पहुंचे भाजपा के शीर्ष नेताओं के कारण जिला मुख्यालय में काफी चहल-पहल रही। छह माह पूर्व विधानसभा चुनावों में हमीरपुर जिले में भाजपा को जिले की पांचों सीटों पर हार का सामना करना पड़ा था।

इस करारी हार के साथ संसदीय क्षेत्र में भाजपा की राजनीतिक जमीन व चूलें हिलती नजर आ रही हैं। हमीरपुर लोकसभा क्षेत्र में कुल 17 विधानसभा क्षेत्र हैं। इनमें पांच सीटों पर भाजपा विधायक हैं। दूसरी तरफ, हमीरपुर संसदीय क्षेत्र में न केवल मुख्यमंत्री सुक्खू, बल्कि उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री समेत विधायकों की जंबो टीम सामने है। हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा भी ताल्लुक रखते हैं।

इसके चलते अगले साल लोकसभा चुनावों में न केवल केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, बल्कि राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा की साख भी दांव पर लगने वाली है। इसी को ध्यान में रखते हुए पहली बार पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष की उपस्थिति में हमीरपुर में कोर ग्रुप की बैठक हुई। पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत वीरभद्र सिंह के रणनीतिकार एवं सिपहसलार रहे डॉ. हर्ष महाजन को पहले भाजपा में शामिल करना और अब ग्रुप में शामिल कर भाजपा ने डॉ. महाजन के राजनीतिक अनुभवों के सहारे मुख्यमंत्री सुक्खू के गृह जिले में लोकसभा चुनावों में लगातार पांचवीं जीत के लिए रणनीति बनाई।

बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सौदान सिंह, प्रदेश प्रभारी, सह प्रभारी, संगठन मंत्री, प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश महामंत्रियों, केंद्रीय मंत्री, पूर्व मुख्यमंत्री और पूर्व के प्रदेश अध्यक्षों के अलावा नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर समेत कोर ग्रुप के सदस्य पहुंचे। इससे पूर्व 7 जून 2022 को तत्कालीन जयराम ठाकुर की सरकार में भी भाजपा कोर ग्रुप की बैठक हमीरपुर में हो चुकी है, लेकिन तब पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष इस बैठक में नहीं आए थे। राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद जगत प्रकाश नड्डा पहली बार भाजपा कोर ग्रुप की बैठक में भाग लेने हमीरपुर पहुंचे। भाजपा के शीर्ष नेताओं के हमीरपुर पहुंचने से सदस्यों ने लंबी मंत्रणा की।

Related posts