भाजपा ने इंदिरा मार्केट में लगाया नमो टी स्टाल

मंडी। स्थानीय इंदिरा मार्केट में मंगलवार को जिला मंडी भाजपा ने नमो टी स्टाल लगाकर चाय की चर्चा की। टी स्टाल परिचर्चा पर बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं और आम लोगों ने चाय की चुस्कियों का लुत्फ उठाया। भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष राम स्वरूप शर्मा ने कहा कि देश में नरेंद्र मोदी की लहर चल रही है और जनता भी इस बार भाई नरेंद्र मोदी को देश का प्रधानमंत्री बनाने का मन बना चुकी है।
उन्होंने लोगों से जातपात से ऊपर उठकर भाजपा को 272 प्लस की संख्या के साथ सत्ता में लाने का आग्रह किया। जिलाध्यक्ष जवाहर ठाकुर ने कहा कि देश में चाय आम जनता से जुड़ी हुई है। इसलिए देश भर में चाय के स्टाल लगाकर लोगों से देश में सुशासन लाने के लिए नरेंद्र मोदी को पीएम बनाने की अपील की जा रही है। कहा कि केंद्र में सत्ता पर काबिज कांग्रेस ने दस वर्षों में देश में कमर तोड़ महंगाई और भ्रष्टाचार से लोगों के जीवन को अस्त व्यस्त करने का कार्य किया है। इसलिए आने वाले लोस चुनाव में जो भी पार्टी का उम्मीदवार होगा उसको वोट देकर जीत दिलाने का कार्य करें। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश सचिव पायल वैद्य, मानवाधिकार प्रकोष्ठ के संयोजक प्रदीप परमार, जिला महामंत्री हेमपाल राणा, जिला उपाध्यक्ष हेमराज पठानिया और बालक राम, सदर मंडल महामंत्री दीपक गुलेरिया, सह मीडिया संयोजक पंकज कपूर, जिला आईटी सेल के संयोजक निशांत शर्मा, प्रदेश युवा मोर्चा उपाध्यक्ष भंवर भारद्वाज, जिला युवा मोर्चा अध्यक्ष पाल वर्मा, प्रदेश युवा मोर्चा महामंत्री महेंद्र ठाकुर, श्याम लाल, संजय मंडयाल और पंकज वालिया मौजूद रहे।

Related posts