भाजपा दो को रामपुर में बोलेगी हल्ला

रामपुर बुशहर। भाजपा दो सितंबर को आम लोगों को साथ लेकर सरकार के खिलाफ हल्ला बोलेगी। प्रदर्शन में सेब सीजन के लिए पुख्ता इंतजाम न करने सहित अन्य जन विरोधी नीतियां लागू करने के लिए सरकार की आलोचना की जाएगी। भाजपा नेता पीएस द्रैक ने शुक्रवार को रामपुर में प्रेसवार्ता में यह जानकारी दी।
इस दौरान उन्होंने कहा कि रामपुर ही नहीं, पूरे हिमाचल की जनता इस समय त्रस्त है लेकिन सरकार के मंत्री और विधायक मस्त हैं। सेब सीजन के लिए पुख्ता इंतजाम की बात कही गई थी, लेकिन जमीनी स्तर पर कोई इंतजाम नहीं हैं। यहां डंडोल-मुनिश, तकलेच दरकाली समेत कई सड़कें बंद पड़ी हैं। वहीं, बेलूपुल-चमाडा, देवठी, किन्नू और ननखड़ी ब्लॉक की टिक्कर-खमाडी जैसी मुख्य सड़कों की हालत बद से बदतर है। इसके चलते बागवानों के लिए सेब की पेटियों को मंडियों तक पहुंचाना मुश्किल हो रहा है। बगीचे पतझड़ समेत कई तरह के रोगों की चपेट में हैं, लेकिन उद्यान विभाग के पास दवाइयां ही नहीं मिल रही हैं। केंद्र सरकार आयात शुल्क बढ़ाने पर कोई ध्यान नहीं दे रही है, जिसका खामियाजा हिमाचल के बागवानों को सीधे तौर पर उठाना पड़ रहा है। प्रेसवार्ता में श्याम लाल गुप्ता, विजय शर्मा, सुधांशू कपूर, अनिल चौहान, मनोज अग्रवाल, आईडी मेहता, राजेंद्र द्रौहा, मस्तराम, हेमंत शैली, विजय गुप्ता, संतोष छट्टू, श्याम मेहता, पुरुषोत्तम, आगर दास जोशी आदि मौजूद रहे। इस प्रदर्शन में पूर्व मंत्री नरेंद्र बरागटा भी भाग लेंगे।

Related posts