भाजपा की कक्षा में सियासी पढ़ाई

कुल्लू/पतलीकूहल। देवसदन कुल्लू में भाजपा की कक्षा में कार्यकर्ताओं को दिग्गज नेताओं ने राजनीति के टिप्स दिए। सोमवार को अभ्यास वर्ग के शुभारंभ पर पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने राष्ट्रीय राजनीति के वर्तमान परिदृश्य पर प्रकाश डाला।
उन्होंने कार्यकर्ताओं को मिशन 2014 को लेकर आवश्यक चुनावी टिप्स भी दिए। कहा कि 2014 में केंद्र की सत्ता से कांग्रेस को देशहित में बाहर करना आवश्यक है। प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष राम सिंह की अध्यक्षता में हुए में इस अभ्यास वर्ग में धूमल ने कहा कि यूपीए सरकार के शासनकाल में जनता महंगाई, भ्रष्टाचार और बेरोजगारी से तंग है। देश की आंतरिक और बाहरी सुरक्षा खतरे में पड़ गई है। कहा कि चार वर्षों के शासनकाल में लगभग पांच लाख करोड़ के घोटाले सामने आए हैं। इसमें जनता की खून पसीने की कमाई पर डाका मारा गया।
उन्होंने कहा कि पड़ोसी मुल्क चीन और पाकिस्तान आए दिन भारत की संप्रभुता पर प्रहार कर रहे हैं। चीन तो भारतीय क्षेत्र में घुसकर चौकियां तक बना बैठा था। यूपीए सरकार के शासनकाल में देशवासियों के सम्मान को ठेस पहुंची है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भी कांग्रेस सरकार के नौै माह का कार्यकाल लोगों की आशाओं के अनुरूप खरा नहीं उतरा है। इस अवधि के दौरान जनता पर महंगाई का बोझ ही लादा गया। कहा कि केवल भाजपा ही स्वच्छ शासन देने में सक्षम है। दिल्ली में हुई नरेंद्र मोदी की महारैली में प्रत्येक वर्ग ने अपनी सहभागिता दर्शाई है। संसार के 40 राजनायकों ने इस रैली में मोदी का भाषण सुना।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस का शासन एक घनघोर काली रात जैसा है। जल्द ही भाजपा सुनहरा सवेरा लेकर आएगी। केंद्र में नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में देश की संसद में भगवा लहराया जाएगा। वहीं मनाली मंडल का अभ्यास वर्ग पतलीकूहल के अंबेदकर भवन में आयोजित किया गया। पहले सत्र में जय राम ठाकुर ने अभ्यास वर्ग का शुभारंभ कर भाजपा के इतिहास पर प्रकाश डाला। दूसरे सत्र में विधायक गोविंद सिंह ठाकुर ने भाजपा कार्य पद्धति, बूथ प्रबंधन बैठक और कार्यक्रम विषय तथा त्रिलोक जंवाल ने चुनाव प्रबंधन एवं चुनावी मुद्दे पर राय दी। अंतिम सत्र में प्रो. प्रेम कुमार धूमल ने कार्यकर्ताओं को आवश्यक टिप्स दिए। इस मौके पर प्रदेश भाजपा के उपाध्यक्ष राम सिंह भी मौजूद रहे।

Related posts