
सोलन/नालागढ़ । चिलचिलाती धूप और लगातार बढ़ रहे तापमान से लोगों की परेशानियां थमने का नाम नहीं ले रही हैं। रविवार को सोलन का तापमान जहां करीब 35 डिग्री रहा, वहीं बीबीएन में 44 डिग्री पार कर गया। भीषण गर्मी के चलते लोगों को दोपहर को घरों से बाहर निकलना भी मुश्किल हो गया है। रविवार को सोलन के मालरोड पर लोगों की आवाजाही न के बराबर दिखी, वहीं बीबीएन के बाजार भी खाली रहे।
बिफर हो रहे गर्मी से बचने के उपाय
गर्मी के मौसम से निजात पाने के लिए लोग पंखे, कूलरों, एसी आदि का सहारा लेने सहित शीतल पेय नींबू पानी, गन्ने का रस आदि का सहारा ले रहे हैं, लेकिन गर्मी से बचाव के सभी उपाय विफल साबित हो रहे हैं। गर्म मौसम में बीमारियों में भी वृद्धि होने लगी है और लोग कई प्रकार की बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं, जिसमें सन बर्न, एलर्जी, शरीर में पानी की कमी आदि शामिल है। नालागढ़ अस्पताल के ईएनटी विशेषज्ञ डा.अजय पाठक ने कहा कि धूप के समय घरों से बाहर निकलते समय लोग पूरे वस्त्र पहनें। उन्होंने कहा कि शरीर में पानी की कमी न होने दें और अधिक से अधिक पानी का सेवन करें, वहीं खानपान का भी सही ढंग से ध्यान रखे।
आज पड़ सकती हैं हल्की बौछारें
नौणी विवि के पर्यावरण विभाग के अध्यक्ष डा. एसके भारद्वाज ने कहा कि आने वाले दिनों में मौसम में खास बदलाव नहीं होगा, अपितु मैदानी क्षेत्रों में सोमवार को हल्की बौछारें पड़ने की संभावनाएं हैं।
