बीबीएन में नकारी हड़ताल, शेष जगह परेशानी

बीबीएन में नकारी हड़ताल, शेष जगह परेशानी
सोलन। प्रदेशव्यापी टैक्सी और पिकअप यूनियन की हड़ताल का जिला सोलन में मिला जुला असर देखा गया। बद्दी-बरोटीवाला और नालागढ़ में हड़ताल के बावजूद रोजाना की तरह व्यावसायिक वाहन चले। वहीं कंडाघाट, सोलन, धर्मपु़र और कसौली में हड़ताल का असर देखने को मिला। परवाणू में टैक्सी यूनियन की हड़ताल रही, पिकअप यूनियन पर हड़ताल का असर देखने को नहीं मिला है। सोलन में टैक्सी यूनियनों ने हिमाचल नंबर की टैक्सियों को रोककर हड़ताल में शामिल होने का आह्वान किया। इससे कालका से शिमला आने वाले राहगिरों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

300 टैक्सियां रहीं खड़ी
हड़ताल में कंडाघाट, सोलन, कसौली, धर्मपुर और परवाणू की करीब 300 टैक्सियां खड़ी रहीं। टैक्सी चालकों ने दिन भर यूनियनों में खडे़ रहकर विरोध जताया। सोलन स्थित हिमाचल टैक्सी यूनियन के प्रधान नवीन गुप्ता ने बताया कि यूनियन ने टैक्स वृद्धि के विरोध में टैक्सी यूनियन ने हड़ताल की है। टैक्सी चालकों को रोककर हड़ताल में शामिल होने का आह्वान किया है। टैक्सी यूनियन के योगेश वर्मा, सुरेंद्र, संदीप, अनिल, अमरजीत, मदन और कमल ने टैक्स वृद्धि को वापस लेने की मांग की है।

धर्मपुर टैक्सी यूनियन रही हड़ताल पर
धर्मपुर में हड़ताल कर रहे टैक्सी-मैक्सी आपरेटर यूनियन धर्मपुर के अध्यक्ष बलविंद्र सिंह ने कहा कि तीन दिनों तक यह हड़ताल शांतिपूर्ण ढंग से चलेगी। प्रदेश से बाहर जाने वाले टैक्सी चालकों से हड़ताल में सम्मलित होने की अपील कर रहा है। इस मौके पर राजीव ठाकुर, गोपाल दास, कृष्ण कुमार, जसपाल सिंह, दुर्गा दत्त, लज्जा राम, भक्त राम, कृष्ण चंद और बिट्टू सहित अन्य ऑपरेटर शामिल रहे।

टैक्सी यूनियन के साथ पिकअप यूनियन भी हड़ताल पर
टैक्सी यूनियन का साथ दे रही पिकअप यूनियन ने भी हड़ताल की। दिन भर क्षेत्र से कोई भी पिकअप सामान लेकर क्षेत्र से बाहर नहीं गई। इस दौरान जिन पिकअप मालिकों ने अपनी गाड़ियां चलाईं उन्हें भी हड़ताल में शामिल किया गया। शूलिनि फोर व्हीलर ऑपरेटर पिकअप यूनियन के सचिव किशोरी लाल ने बताया कि टैक्स विरोध में पिकअप यूनियन ने भी हड़ताल की है। शहर में 150 पिकअप हैं। तीन दिन तक हड़ताल जारी रहेगी। कोई भी पिकअप वाला सामान की ढुलाई नहीं करेगा।

Related posts