बीपीएल सूचियों से हटेंगे अपात्र परिवार

चंबा। जिला की 283 पंचायतों में बीपीएल सूचियों में फेरबदल हो सकता है। ग्राम सभा में अपात्र परिवारों को हटाकर पात्र परिवारों का चयन किया जाएगा। इसके लिए पंचायती राज विभाग ने तमाम पंचायतों को निर्देश दे दिए हैं। ग्रामसभा का आयोजन तमाम पंचायतों में 7 अप्रैल को किया जा रहा है। कोरम में बीपीएल परिवारों की समीक्षा की जाएगी। इस दौरान अगर कोई अपात्र परिवार सूची में डाला गया है तो उसे हटाकर पात्र परिवार को सूची में डाला जाएगा। कोरम में पात्र परिवारों का चयन करने के लिए विभाग की ओर से भी एक अधिकारी उपस्थित रहेगा। हंगामा और मारपीट की संभावना वाली पंचायतों में पुलिस तैनाती रहेगी। पुलिस की तैनाती के बीच ही कोरम पूरा होगा और पात्र परिवारों को सूची में डाला जाएगा। इसके अलावा ग्रामसभा में दूसरा एजेंडा पंचायतों को ध्रूमपान मुक्त करना है। पंचायतों में स्थान चिन्हित किए जाएंगे। इन स्थानों पर धूम्रपान करने पर पंचायत के प्रतिनिधि जुर्माना कर सकेंगे। ग्राम सभा में इस बारे में भी विस्तार से चर्चा होगी। पंचायतों में भी सार्वजनिक स्थलों पर अब धूम्रपान नहीं हो सकेगा। इसके अलावा ग्रामसभा में वनों को बचाने के लिए कमेटियां गठित की जाएंगी। ये कमेटियां वनों के बचाव के लिए काम करेंगी। पंचायती राज विभाग के जिला पंचायत अधिकारी रमेश चंद कपूर ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि जिला भर की तमाम पंचायतों में कोरम 7 अप्रैल को होगा। कोरम में बीपीएल परिवारों का चयन किया जाएगा। पंचायतों में सार्वजनिक स्थलों पर धूम्रपान नहीं किया जा सकेगा। इसके लिए ग्रामसभा में जगहों का चयन होगा। इन जगहों में धूम्रपान होने पर चालान किए जाएंगे। इसके अलावा वन कमेटियां भी गठित की जाएंगी।

Related posts