बिजली ठीक करते आया करंट

हमीरपुर। विद्युत बोर्ड कार्यालय अणु के समीप विद्युत तारों की ठीक करने में लगी एक कंपनी के मजदूर करंट की चपेट में आ गए। हादसे में आधा दर्जन मजदूर घायल हुए हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल में ले जाया गया। शनिवार को विद्युत तारें क्षतिग्रस्त हो गई थीं, मजदूर इन्हें ठीक कर रहे थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार विद्युत तारों की ठीक करने पहुंची लेबर अचानक करंट की चपेट में आ गई। एक मजदूर करंट लगने के बाद नीचे जमीन पर गिर गया। घायलों में सुरेंद्र कुमार (25), मलकीत सिंह (18), बालाजी (24), संजय कुमार (22), जितेंद्र कुमार (20), धर्मेंद्र सिंह (20) को उपचार के लिए 108 एंबुलेंस से क्षेत्रीय अस्पताल पहुंचाया गया। पांच मजदूरों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी मिल गई है जबकि एक मजदूर सुरेंद्र कुमार निवासी फिरोजपुर, पंजाब को भर्ती कर लिया गया है। विद्युत सप्लाई बंद होने के बावजूद तारों में करंट कैसे आया। फिलहाल कोई सुराग नहीं लगा है। एसपी जगत राम का कहना है कि पुलिस को शिकायत नहीं मिली है। शिकायत आने पर उचित कार्रवाई की जाएगी।
उधर, एसएमओ डॉ. केसी चोपड़ा का कहना है कि पांच मजदूरों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है, जबकि एक मजदूर को भर्ती किया गया है। विद्युत बोर्ड एसडीओ राजकुमार गौतम का कहना है कि बारिश के दौरान टूटी विद्युत तारों को ठीक करवाने के लिए लेबर बुलाई गई थी। विद्युत तारों को ठीक करने के दौरान मजदूर करंट की चपेट में आए हैं। करंट का झटका हल्का था, जिस कारण बड़ा हादसा होने से टल गया।

Related posts