बिजली कर्मचारी किया निलंबित

चुवाड़ी (चंबा)। साड़ल पंचायत के कुठेड़ स्कूल से घर लौट रही बच्ची की बिजली की तार से करंट लगने से हुई मौत के मामले में पुलिस ने विद्युत बोर्ड के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 304 ए के तहत लापरवाही से हुई मौत का मामला दर्ज कर लिया है। उधर, बिजली बोर्ड ने ड्यूटी पर तैनात कर्मचारी के खिलाफ लापरवाही बरतने के चलते विभागीय कार्रवाई करते हुए उसे निलंबित कर दिया है। स्कूली छात्रा की मौत के बाद स्थानीय लोगों में विद्युत बोर्ड के प्रति खासा रोष है। आठ वर्षीय बच्ची की मौत काविरोध करने के लिए इलाके के लोग मंगलवार सुबह ही चुवाड़ी में एकत्रित होना शुरू हो गए थे। ग्रामीणों ने विद्युत बोर्ड के कर्मचारियों की कार्यप्रणाली पर प्रश्न उठाते हुए एसडीएम अमित मेहरा से उचित कार्रवाई किए जाने की मांग की। विद्युत बोर्ड के अधिशाषी अभियंता आरके ठाकुर ने मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई की। इसके चलते उन्होंने टीमेट नरैण सिंह को निलंबित कर दिया है। उन्होंने विरोध में उतरे लोगों को आश्वासन दिया है कि हादसे का शिकार हुई छात्रा के घर वालों को न्याय दिलाया जाएगा। उनके इस आश्वासन से ग्रामीणों का विरोध कुछ हाद तक शांत हुआ। उधर, मामले की गंभीरता को देखते हुए विद्युत बोर्ड के अधिशाषी अभियंता आरके ठाकुर, बकलोह के सहायक अभियंता योगेश व चुवाड़ी के सहायक अभियंता अंग्रेज सिंह सहित कई कर्मचारी मौके पर गए और दुर्घटना स्थल का जायजा लिया।
गरीब परिवार का अपमान न करें
चुवाड़ी अस्पताल में मृतक के परिजनों को जिला परिषद काहरी की सदस्य व सीपीआईएम की जिला सचिव सुदेश ठाकुर ने सांत्वना दी। इस अवसर पर जब अधिशाषीअभियंता बच्ची के पिता को फौरी राहत के तौर पर दस हजार की राशि दे रहे थे तो सुदेश ठाकुर ने इसका विरोध करते हुए कहा कि सड़क के बीच इस तरह सहायता राशि देकर गरीब परिवार का अपमान किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों से पीड़ित परिवार के घर जाकर उन्हें फौरी राहत मुहैया करवाने की बात कही।

Related posts