गाय के मुंह में फटा देसी बम

चुवाड़ी (चंबा)। भटियात उपमंडल के तहत जिला कांगड़ा के साथ लगती ग्राम पंचायत बलाणा के कोहलण जंगल में जंगली जानवारों का शिकार करने के लिए आटा लगाकर रखा गया देसी बम खाने से एक लावारिस गाय बुरी तरह जख्मी हो गई है। इस घटना के बाद ग्रामीणों में खासा रोष है। चर्चा है कि जिस तरीके से देसी बम बनाकर जंगली जानवरों का शिकार किया जा रहा है, इससे जंगल में आने-जाने वाले किसी व्यक्ति का भी इसकी चपेट में आने का खतरा बना हुआ है। ग्रामीणों ने मंगलवार को जब घायल गाय को देखा तो उन्होंने इसकी सूचना पंचायत के उपप्रधान मदन बलौरिया को दी। उन्होंने बताया कि कुछ लोग देसी बम बना कर इसे आटा या गुड़ से ढक कर जंगल में रख देते हैं। जब कोई जंगली जानवर इसे खाने आता है तो यह फट जाता है। ग्रामीणों पृथी सिंह, प्यार सिंह, पंकज सिंह, रुमाल सिंह ने उप प्रधान को बताया कि उन्होंने द्रमण से गोला रोड पर जख्मी हालत में पड़ी हुई एक गाय देखी है। छानबीन करने पर पता चला है कि उसकी हालत देसी बम फटने से हुई है। पंचायत उप प्रधान ने बताया कि बम फटने से उसका जबड़ा उड़ गया है और जीभ बाहर निकल आई है। गाय की हालत दयनीय बनी हुई है। उप प्रधान व ग्रामीणों ने जानवरों का शिकार करने वाले विशेष समुदाय के लोगों पर शक जाहिर करते हुए वन विभाग व पुलिस से कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। इसके साथ ही उपमंडल प्रशासन से जख्मी गाय का इलाज करवाने की भी अपील की है। उन्होंने इस मामले की जांच की भी मांग की है कि बम बनाने के लिए बारूद कहां से लाया जा रहा है।

Related posts