बारिश में बहे आईपीएच के साढ़े छह करोड़

चंबा। जिले में बरसात से सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग को लगभग साढ़े छह करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। विभाग को यह चपत दो माह के भीतर लगी है। जानकारी के मुताबिक अगस्त माह में हुई बारिश के कारण आईपीएच विभाग की 79 पेयजल स्कीमें क्षतिग्रस्त हुई हैं। इनमें डलहौजी मंडल में 15 और सलूणी में 64 स्कीमें क्षतिग्रस्त हुई हैं। इससे विभाग को लगभग 82 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। इसके अलावा बारिश के कारण विभाग की लगभग 16 सिंचाई स्कीमों को नुकसान पहुंचा है। इनमें डलहौजी डिवीजन में आठ और सलूणी में आठ स्कीमें क्षतिग्रस्त हुई हैं। इससे विभाग को 24 लाख रुपये का घाटा हुआ है। फ्लड प्रोटेक्शन वर्क पर आईपीएच विभाग को जिला में छह लाख रुपये का घाटा उठाना पड़ रहा है। इसके अलावा बारिश के कारण विभाग के चार भवन क्षतिग्रस्त हो गए हैं। इससे विभाग को चार लाख रुपये का नुकसान हुआ है। कुल मिलाकर अगस्त माह की बारिश के कारण विभाग की 102 स्कीमें डैमेज हुई है। इससे एक करोड़ सोलह लाख रुपये का नुकसान हुआ है। इससे पहले जून और जुलाई माह में बारिश के कारण विभाग की कुल 442 स्कीमों को नुकसान हुआ है। इसमें पेयजल की 148, सिंचाई की 80, फ्लड प्रोटेक्शन की दस, सीवरेज की दो और दो बिल्डिंग को नुकसान हुआ है। इससे विभाग को पांच करोड़ 28 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। उधर, आईपीएच विभाग के अधीक्षण अभियंता एसके चौधरी ने बताया कि बारिश के कारण विभाग को लगभग साढ़े छह करोड़ का नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि इसकी रिपोर्ट तैयार कर ली गई है। यह रिपोर्ट विभाग के उच्च अधिकारियों को भेज दी गई है।

Related posts