
धर्मशाला। शिक्षा विभाग के कार्यालयों में बाबुओं की छुट्टियों ने जेबीटी शिक्षकों की नौकरी का इंतजार लंबा कर दिया है। जानकारी के मुताबिक शिक्षा विभाग कार्यालयों के करीब आधे कर्मचारी साल के अंत में छुट्टियां काटने में लगे हुए हैं। जबकि, हजारों जेबीटी शिक्षक बीते माह इंटरव्यू देने के बाद नौकरी के इंतजार में हैं। साल खत्म होने के बाद केजुअल लीव कैंसल हो जाएगी, इसी चक्कर में कई कार्यालयों में आधा स्टाफ छुट्टी पर है। नवंबर माह के दूसरे सप्ताह में इंटरव्यू दे चुके प्रदेश के हजारों जेबीटी शिक्षक नौकरी का इंतजार कर रहे हैं। प्रदेश में 1308 जेबीटी शिक्षकों को रोजगार मिलना है। शिक्षा विभाग ने करीब डेढ़ माह पहले साक्षात्कार ले लिए हैं। सूत्रों की मानें तो अधिकतर वर्गों की मेरिट लिस्ट भी तैयार कर ली है, लेकिन विभाग के उपनिदेशक कार्यालयों में कर्मियों और अधिकारियों के छुट्टियों पर जाने के चलते यह मुहिम थम गई है। वहीं, छुट्टियों के चक्कर में जेबीटी अध्यापकों के रोजगार पाने का इंतजार और लंबा हो गया है। हालांकि, इंटरव्यू के बाद विभाग ने करीब 20-25 दिन में मेरिट लिस्ट जारी करने और नियुक्ति पत्र देने की बात कही थी, लेकिन असल में डेढ़ माह बीतने के बावजूद पात्र जेबीटी शिक्षकों को रोजगार नहीं मिल पाया है।
वहीं, प्रारंभिक शिक्षा निदेशक अशोक शर्मा का कहना है कि नए साल की शुरुआत में सभी जिलों में जेबीटी शिक्षकों को नियुक्तियां दे दी जाएंगी। विभाग ने जेबीटी अध्यापकों की मेरिट लिस्ट लगभग तैयार कर ली है। जो कार्य बचा है, उसे भी जल्द ही पूरा कर लिया जाएगा।
