
देहरादून। एनबीसीए बांग्लादेश ने बीएसएनएल को 121 रन की करारी शिकस्त देकर 31वें ऑल इंडिया उत्तराखंड गोल्ड कप क्रिकेट टूर्नामेंट में शानदार आगाज किया। दूसरे मैच में एयर इंडिया ने आईओसीएल को पांच विकेट से हराया।
क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड की तरफ से शनिवार को रेंजर्स कालेज मैदान पर खेले गए मैच में विदेशी टीम एनबीसीए बांग्लादेश ने पहले बल्लेबाजी कर 254 रन बनाए। सलामी बल्लेबाज शैकात अली ने 45 और लिटोन गास ने 22 रन बनाकर टीम को अच्छी शुरुआत दी। वनडाउन आए मौ. मिथुन ने भी अच्छे हाथ दिखाए और 33 रन बनाए। इसके बाद मौ. हसन ने 41, एस सूवो ने 39 और अरिफुल ने 26 रन बनाकर टीम को अच्छे स्कोर तक पहुंचाया। बीएसएनएल की तरफ से रोहित मेहरा ने चार विकेट लिए। जोगेंद्र सिंह और अंशुल कपूर ने तीन-तीन विकेट बांटे।
जीत के लिए 255 रन का स्कोर लेकर उतरे बीएसएनएल के बल्लेबाज बांग्लादेश की गेंदबाजी के सामने ठहर नहीं सके और पूरी टीम केवल 133 रन पर ढेर हो गई। बिकास ने सबसे अधिक 46 रन की पारी खेली। टी. साहू ने 23 रन बनाए। बांग्लादेश की तरफ से एस सूवो ने तीन विकेट लिए। शाबिर, एम हसन और नईम ने दो-दो विकेट लिए। टीसीए के मैदान पर खेले गए मैच में आईओसीएल ने पहले बल्लेबाजी कर 221 रन बनाए। परेश पटेल ने 69 और सिदेश ने 63 रन बनाए। जबाव में एयर इंडिया के बल्लेबाजों ने पांच विकेट शेष रहते जीत हासिल की। दीपक जून ने 52, कुलदीप ने 43 और दीपक शर्मा ने 40 रन की पारी खेली।
