बस लटकने से थमीं सांसें

चंबा। चंबा-पनेला रूट पर एक तो परिवहन निगम की ओर से खटारा बसें भेजी जाती हैं और दूसरा यहां पर सड़क की हालत दयनीय बनी हुई है। इसके कारण इस मार्ग पर हर वक्त दुर्घटना का अंदेशा बना रहता है। इस मार्ग पर शुक्रवार शाम को एक बस हादसा होते-होते टल गया। मार्ग पर गई एक सरकारी बस सरड़ा नाले के समीप हवा में लटक गई। इससे कुछ पल के लिए बस में बैठीं करीब 50 सवारियाें की सांसे रूक गई। स्थानीय लोगों ने इस घटना पर खेद जताया और एचआरटीसी और लोक निर्माण विभाग पर गंभीर आरोप जड़े हैं। स्थानीय लोगों ओम प्रकाश, मनोज, स्वर्ण, परमेंद्र, रवि, उषा, पूजा, बबीता भारती, सरोज, मनसा, विजय, सुधीर, जुकु, सुरेश, योगराज, संजीव, पवन, भिंद्र, प्रताप, पापो शर्मा, आसो, माधो, सुरेखा, भगतो, चेलो, अर्चना, बंटी ठाकुर ने बताया कि पनेला मार्ग पर एचआरटीसी अकसर एक ही खटारा बस भेजती है। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को भी बस (एचपी 48 ए 7503) सरड़ा नाले में लटक गई। यही बस कई बार बीच रास्ते में खराब हो चुकी है। इससे यात्रियों को पैदल सफर कर अपने गंतव्य तक पहुंचना पड़र। यात्रियों ने बताया कि इस बस की सीटें भी बैठने लायक नहीं है। उन्होंने बताया कि सरड़ा नाले में पुली भी नहीं बनाई गई है। लोक निर्माण विभाग से पुली बनाने की कई बार मांग की जा चुकी है। विभाग ने पुली बनाने के लिए कोई पहल नहीं की है। इससे बरसात के मौसम में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों ने उपायुक्त संदीप कदम से मांग की है कि जल्द सरड़ा नाले पर पुली बनाए जाए और पनेला मार्ग पर खटारा बसें ने भेजी जाए।
उधर, सराड़ा नाले पर पुली निर्माण के संबंध में एसडीओ चंबा जीत सिंह ठाकुर ने बताया कि इस स्थान पर पुली निर्माण के लिए एस्टिमेट तैयार किया जा रहा है। पुली निर्माण के लिए स्वीकृति मिलते ही निर्माण कार्य शुरू करवा दिया जाएगा।

Related posts