बर्फबारी से किन्नौर में यातायात ठप

रामपुर बुशहर/सांगला (किन्नौर)। प्रदेश भर में वीरवार शाम से हो रही बारिश और बर्फबारी के चलते क्षेत्र में यातायात सेवा प्रभावित हुई है। रामपुर में जहां करीब दस रूटों पर आधे रास्ते तक बस सेवा भेजी गई, वहीं दो रूट पूर्ण रूप से बंद हैं। वहीं, किन्नौर जिला में सभी ग्रामीण रूटों पर बस सेवा बंद है। शिमला और दिल्ली के लिए बस सेवा टापरी से भेजी जा रही है, जबकि नारकंडा में एनएच बंद हो गया है। इसके चलते बसों को वाया बसंतपुर होकर भेजा जा रहा है।
हालांकि सुबह छह बजे तक रिकांगपिओ से बस सेवा भेजी जा रही थी, लेकिन 11 बजे के बाद से शिमला, चंडीगढ़ और दिल्ली जाने वाली बसें टापरी से भेजी जा रही हैं। रिकांगपिओ से सुबह पूह की तरफ निगम की बस भेजी गईं ,जो बर्फ बारी के कारण स्पीलो तक ही जा सकी हैं। शुक्रवार को पूरा दिन बर्फबारी होने के कारण पांगी नाले से स्पीलो के बीच पथ परिवहन निगम की करीब आधा दर्जन से अधिक बसें फंसी हुई हैं। पथ परिवहन निगम के आरएम किन्नौर डीएस रघु ने कहा कि बर्फ बारी के कारण ग्रामीण रूट बंद हैं। शिमला- दिल्ली के लिए टापरी से बसें भेजी जा रही हैं। इधर, रामपुर में भी करीब दस रूटों पर आधे रास्ते तक ही बस सेवा भेजी जा सकी है। इसके चलते लोगों को आधा सफर पैदल तय करना पड़ रहा है। भारी बारिश में सफर करने में लोगों को भारी परेशानियों से दो चार होना पड़ रहा है।

Related posts