निचार और पूह में विद्युत आपूर्ति ठप

सांगला (किन्नौर)। रिकांगपिओ में वीरवार रात से ही बिजली के अघोषित कट लगने से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, जबकि जिले के पूह और निचार खंड में वीरवार रात से ही बिजली की आपूर्ति ठप है। इस कारण लोगों को रात भर सर्दी में ठिठुरना पड़ रहा है। क्षेत्र में देर शाम करीब 9:30 बजे के बाद बिजली की आपूर्ति बंद हो गई है। इसके चलते लोगों को भारी बर्फबारी में भी बिना बिजली के समय काटना पड़ रहा है। हालांकि इस बारे में बिजली बोर्ड को सूचना भेजी गई है, लेकिन बर्फबारी के चलते अभी बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो पाई है।
इधर, इस बारे में बिजली बोर्ड के एसडीओ रिकांगपिओ मोती लाल नेगी ने कहा कि रिकांगपिओ में लोड अधिक होने के कारण ट्रिपिंग हो रही है, जबकि स्पीलो और पूह के बीच बिजली लाइनें टूट जाने के कारण परेशानी आ रही है। उन्होंने कहा कि बिजली की आपूर्ति बहाल करने के लिए एक विशेष टीम भेजी गई है। उन्होंने कहा कि बिजली जल्द बहाल करने के प्रयास किए जा रहे हैं। इधर, भावानगर बिजली बोर्ड के एसडीओ प्रेम सिंह ठाकुर ने कहा कि निचार में सभी जगह बिजली आपूर्ति नियमित है। हालांकि कई जगह बिजली नहीं होगी तो इसकी जानकारी फि लहाल मुझे नहीं है। कहीं तारें बर्फ की बजह से टूटी होंगी तो ठीक करवा दी जाएंगी।

Related posts