
होली (चंबा)। होली क्षेत्र की न्याग्रां-बजोल और बजोल-बड़ा भंगाल सड़क का काम अधर में लटक गया है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़कों का काम लगभग दो साल से लटका हुआ है। इस कारण बजोल पंचायत के कई गांव सड़क सुविधा से वंचित हैं। ग्राम पंचायत बजोल की प्रधान हेमा देवी, उपप्रधान रंजीत सिंह, ब्लाक समिति सदस्य सीमा देवी, मलका देवी, चंचला, रक्षा, विक्र ांत और जय सिंह ने बताया कि प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत न्याग्रां से बजोल तक आठ किलोमीटर सड़क स्वीकृत हुई थी। इसमें एक पुल का निर्माण किया जाना है। सरकार ने इसके लिए लगभग चार करोड़ 55 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की है। इसके अलावा बजोल से बड़ा भंगाल तक 22 किलोमीटर सड़क के निर्माणा के लिए 15 करोड़ रुपये की राशि मंजूर की गई है। 2009 में इस सड़क का निर्माण शुरू हो गया था, लेकिन लगभग दो साल से सड़क का काम बंद पड़ा हुआ है। इस कारण ग्रामीणों को सड़क सुविधा नहीं मिल पा रही है। सड़क न होने के कारण ग्रामीणों को रोजमर्रा का सामान पीठ पर लादकर लाना पड़ रहा है। इसके अलावा गांव में कोई बीमार पड़ जाए तो पालकी में बिठाकर उसे सड़क तक पहुंचाना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने लोक निर्माण विभाग और जिला प्रशासन से मांग की है कि काम लटकाने वाले ठेकेदार के टेंडर रद्द कर दोबारा से टेंडर करवाए जाएं। इस संबंध में लोक निर्माण विभाग के कनिष्ठ अभियंता जनक सिंह राणा ने बताया कि कई बार ठेकेदार को नोटिस दिया गया, लेकिन काम शुरू नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि इस बारे जल्द उचित कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
सुंडला बाजार में आम हुआ जाम
सुंडला (चंबा)। विकास खंड सलूणी के सुंडला में ट्रैफिक पुलिस कर्मचारी तैनात न होने से यहां अकसर जाम लग रहा है। इससे हर समय दुर्घटना का अंदेशा बना हुआ है। जानकारी के मुताबिक पहले सुंडला बाजार में ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए एक होमगार्ड और एक एसएचओ तैनात रहता था, लेकिन लगभग दो माह से यहां से इन कर्मचारियों को हटा दिया गया है। इस कारण चालक वाहनों को यहां-वहां खड़ा कर देते हैं और जाम की स्थिति पैदा हो जाती है। स्थानीय निवासी किशोरी लाल, नेक चंद, विपिन कुमार, भगत राम, कपिल डोगरा, नेक सिंह, बाल कृष्ण, मुनीश कुमार, मंगत राम, सुनील कुमार, विजय कुमार और दिनेश ने बताया कि सुंडला बाजार में ट्रैफिक पुलिस के कर्मचारियों की तैनाती न होने के कारण आए दिन जाम लग रहा है। इसके चलते दुर्घटना का अंदेशा बना हुआ है। उन्होंने जिला प्रशासन से मांग की है कि सुंडला में ट्रैफिक पुलिस के कर्मचारियों की तैनाती की जाए।
