बंजार पंस अध्यक्ष, उपाध्यक्ष पदभार मुक्त

बंजार (कुल्लू)। सत्ता परिवर्तन के चलते पंचायत समिति बंजार का सिंहासन डोलता नजर आ रहा है। पंचायतीराज अधिनियम नियम के तहत जिला पंचायत अधिकारी ने शुक्रवार को पंचायत समिति हाल में सभी पंचायत समिति सदस्यों को बुलाया। बैठक में कांग्रेस समर्थित 10 सदस्यों ने एकमत से जिला पंचायत अधिकारी के समक्ष अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के खिलाफ मतदान किया।
भाजपा समर्थित पांचों सदस्य ने अपनी हाजिरी नहीं भरी। इसके चलते जिला पंचायत अधिकारी ने वर्तमान में भाजपा समर्थित अध्यक्ष किरणा देवी और उपाध्यक्ष खेम परमार को पदमुक्त कर दिया। इससे कांग्रेस के हाथ में पंचायत समिति की कुर्सी आती नजर आ रही है।
वर्तमान में कांग्रेस समर्थित किशन ठाकुर, ओम प्रकाश, झाबे राम, गीता देवी, आशा देवी, भूपाल ठाकुर, उतमी देवी देयोठा, परसराम गोपाल हैं, वहीं भाजपा के पास मात्र पांच सदस्य किरणा ठाकुर, खेम परमार ,चंद्रा देवी, चंदी देवी, दिवान चंद ही बचे हैं। ऐसे में भाजपा समर्थित सदस्यों को अपनी कुर्सी बचाने के लिए आठ सदस्यों का पक्ष लेना जरूरी है। बंजार कांग्रेस के प्रवक्ता सुरेंद्र ने बताया कि हमारे पास अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के पद लिए प्रयाप्त बहुमत है। बहुमत जुटाने
के लिए आठ सदस्यों की जरूरत है। कांग्रेस के पास 10 सदस्य मौजूद हैं। चुनाव की तिथि तय होने तक और सदस्यों का समर्थन प्राप्त हो सकता है। चंद दिनों में पंचायत समिति बंजार में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष कांग्रेस समर्थित ही होंगे। इस बारे में जिला पंचायत अधिकारी गरीश समरा ने बताया कि वर्तमान पंचायत समिति अध्यक्ष और उपाध्यक्ष को अपने पद से भार मुक्त कर दिया है। इसे आगामी कार्रवाई के लिए डीसी कुल्लू के पास भेज दिया है। चुनाव के लिए तारीख तय की जाएगी।

Related posts