फेसबुक-एसएमएस से प्रचार शुरू

चंबा। छात्र संघ चुनावों की तिथि घोषित होते ही छात्र संगठनों ने प्रचार अभियान के लिए कमर कस ली है। छात्र नेता इन दिनों नए छात्रों को अपने संगठन की विचारधारा से अवगत कराने के लिए इंटरनेट का काफी प्रयोग कर रहे हैं। विद्यार्थी फेसबुक के माध्यम से अपने संगठन के संदेश विद्यार्थियों तक पहुंचा रहे हैं। फेसबुक के माध्यम से छात्र नेता मैसेज और फोटो डाउनलोड कर रहे हैं और अपने संगठन को समर्थन करने की अपील कर रहे हैं। इसके अलावा एसएमएस के जरिए भी छात्र नेता प्रचार करने में जुट गए हैं। एबीवीपी के परिसर अध्यक्ष भुवनेश भारद्वाज ने बताया कि विद्यार्थी परिषद के इकाई कार्यकर्ताओं ने फेसबुक सहित, डोर टू डोर प्रचार करने का निर्णय लिया है। इंटरनेट के माध्यम से प्रचार शुरू कर दिया है। उन्होंने बताया कि एबीवीपी छात्र हित के मुद्दों को हल करवाने के उद्देश्य से पैनल को चुनाव मैदान में उतरेगी। एसएफआई के इकाई सचिव सुदेश राजपूत ने बताया कि इंटरनेट के माध्यम से भी संगठन की विचारधारा छात्र वर्ग तक पहुंचाई जाएगी और विद्यार्थियों से समर्थन हासिल करने का आग्रह किया जाएगा। एनएसयूआई के परिसर अध्यक्ष चंदन नरूला ने बताया कि फेसबुक के माध्यम से प्रचार शुरू हो गया है। इसके माध्यम से आसानी से छात्र वर्ग तक संदेश पहुंचाए जा सकते हैं। उन्होंने बताया कि एसएमएस के जरिए भी प्रचार किया जा रहा है।

Related posts