आसमानी कहर से फसलें, सड़कें और खेत तबाह

साहो (चंबा)। विकास खंड की चंबा परोथा पंचायत के परोगा गांव में बारिश ने काफी कहर बरपाया है। गांव के आधा दर्जन परिवारों की मक्की की फसल तबाह हो गई है। तेज बारिश से गांवों को जाने वाले रास्ते क्षतिग्रस्त हो गए हैं। ग्रामीणों के खेतों में डंगे गिर गए हैं और जगह-जगह भूस्खलन होने से गांव को खतरा पैदा हो गया है। ग्राम पंचायत परोथा के उपप्रधान राकेश महाजन ने बताया कि पंचायत के परोगा, ओथल और सरोट गांवों में बारिश से नुकसान हुआ है। परोगा गांव के किरपा राम, देस राज, प्रकाश चंद, नूरदीन, हनीफ की मक्की की फसल को काफी नुकसान पहुंचा है। मक्की की फसल नाली में पानी के साथ आए मलबे से तबाह हो गई है। खेतों में नालियां बन गई हैं। मक्की की फसल तबाह होने से ग्रामीण काफी परेशान हैं। प्रभावितों का कहना है कि उनकी फसल बह जाने से उन्हें परिवार के पालन पोषण की चिंता सताने लगी है। उन्होंने जिला प्रशासन से राहत प्रदान करने की मांग की है। रास्तों के मरम्मत की भी ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है। परोथा पंचायत के उप प्रधान ने बताया कि पटवारी को नुकसान के बारे में बता दिया गया है। उन्होंने प्रशासन से आग्रह किया है कि ग्रामीणों को तुरंत राहत मुहैया करवाई जाए। एसडीएम चंबा बचन सिंह ने बताया कि पटवारी और कानूनगो को नुकसान की रिपोर्ट बनाने को कहा गया है। विभागीय रिपोर्ट के मुताबिक ग्रामीणों को मुआवजा प्रदान किया जाएगा। ग्रामीणों को हरसंभव मदद प्रदान की जाएगी।

Related posts