
धर्मशाला : बाबागिरी से हीरोगिरी में किस्मत आजमा रहे डेरा सच्चा सौदा के प्रमुख गुरमीत राम रहीम की तीसरी फिल्म एम.एस.जी. द वारियर लॉयन हार्ट ने महज चंद रोज में पहले सप्ताह 113.62 करोड़ रुपए का बिजनेस किया है। एम.एस.जी. द वारियर लॉयन हार्ट के साउंड डिजाइनर, स्क्रिप्ट राइटर, संगीत निर्देशक, कास्टिंग निर्देशक से लेकर फिल्म निर्देशक तक सारे काम खुद गुरमीत राम रहीम ने किया है।
बता दें कि 7 अक्तूबर को देश भर में करीब 3000 स्क्रीनों पर रिलीज हुई बाबा की फिल्म की शूटिंग पिछले साल शहीद स्मारक धर्मशाला में की थी। जानकारी के मुताबिक सोमवार को धर्मशाला में गुरु संत डा. गुरमीत राम रहीम सिंह ने प्रैस वार्ता के दौरान कहा कि बुराइयों की तरफ से नवयुकों को अच्छाइयों की तरफ लाना फिल्में एक अच्छा माध्यम है, इसलिए मैंने फिल्मों का चुना ताकि नवयुक बुरे रास्ते से अच्छे रास्तों का अपनाएं। उन्होंने कहा कि उनकी पुत्री हनीप्रीत इन्सां द्वारा निर्देशित फिल्म एम.एस.जी. द वारियर लायन हार्ट बाक्स आफिस पर सफलता के झंडे गाड़ रही है।
अॉनलाइन गुरुकुल फिल्म जल्द होगी रिलीज
राम रहीम ने कहा कि वेदों पर आधारित के फिल्म अॉनलाइन गुरुकुल जल्द रिलीज होगी। उन्होंने कहा कि इस फिल्म के माध्यम से हम दर्शकों को बताएंगे कि वेदों में कितनी शक्तियां हैं। ऐसा क्या है हमारे देश में कि अन्य देश गर्व करते हैं, इस फिल्म में दर्शकों को देखने को मिलेगा। भारत सब देशों का गुरु है।
6 करोड़ युवाओं का नशा छुड़वा चुके हैं
राम रहीम ने कहा कि उन्होंने अभी तक 6 करोड़ युवाओं को नशे से छुड़ाने में सहायता की है। उन्होंने कहा कि नशा केवल पंजाब या अन्य किसी विशेष राज्य की समस्या नहीं है, बल्कि पूरे देश में लोग नशे के कारण पीड़ित हैं। उन्होंने कहा कि सिक्कम में छोटी उम्र के बच्चे इस नशे के कारण पीड़ित हैं। जिन 6 करोड़ युवाओं ने नशा छोड़ा है, उनमें अधिकतर युवा वर्ग हैं। वहीं उन्होंने कहा कि शहीद स्मारक संबंधित लोग उनसे बात करते हैं, तो वह उन्हें पैसे अवश्य देंगे। ज्ञात रहे कि पिछले साल एम.एस.जी. की शूटिंग शहीद स्मारक धर्मशाला में की थी। उस वक्त उन्होंने शहीद स्मारक के कायाकल्प के लिए पैसे देने की बात कही थी।

