प्रीति जिंटा के मामा हिमुडा के उपाध्यक्ष

शिमला। सिने तारिका प्रीति जिंटा के मामा यशवंत छाजटा को हिमुडा का उपाध्यक्ष बनाया गया है। यह ताजपोशी यशवंत छाजटा की निदेशक पद पर नियुक्ति के एक साल बाद की गई है। सोमवार को इसकी अधिसूचना जारी कर दी गई है। छाजटा की इस नियुक्ति की प्रधान सचिव शहरी विकास संजय गुप्ता ने पुष्टि की है।
यशवंत छाजटा मूल रूप से जिला शिमला की जुब्बल-कोटखाई तहसील के रहने वाले हैं। वह मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के करीबी माने जाते हैं। एचआरटीसी के निदेशक मंडल के सदस्य वेदप्रकाश शर्मा, एपीएमसी शिमला-किन्नौर के चेयरमैन महेंद्र स्तान, एपीएमसी बिलासपुर के चेयरमैन विवेक कुमार, एपीएमसी कुल्लू के चेयरमैन उपेंद्र कांत मिश्रा, एपीएसआईडीसी के उपाध्यक्ष अतुल शर्मा और एनएसयूआई के प्रदेशाध्यक्ष यदोपति ठाकुर ने यशवंत छाजटा को हिमुडा का उपाध्यक्ष बनाने पर मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह का आभार व्यक्त किया है।

Related posts