प्रदेश में भारी बारिश का अलर्ट, ऊंची चोटियों पर हो सकती है बर्फबारी

प्रदेश में भारी बारिश का अलर्ट, ऊंची चोटियों पर हो सकती है बर्फबारी

शिमला
हिमाचल प्रदेश से दक्षिण-पश्चिम मानसून विदा होने के साथ ही अब 15 नवंबर तक प्रदेश में पोस्ट मानसून सीजन रहेगा। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने प्रदेश के लिए दो दिन भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार प्रदेश के कई भागों में 5 से 9 अक्तूबर तक बारिश की संभावना है। 6 व 7 अक्तूबर के लिए भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, ऊंची चोटियों पर बर्फबारी की संभावना है। भारी बारिश के अलर्ट को देखते हुए लोगों को प्रशासन की ओर से समय-समय पर जारी एडवाइजरी का पालन करने की सलाह दी गई है। आज राजधानी शिमला व आसपास भागों में धूप खिलने के साथ हल्के बादल भी छाए हुए हैं।

प्रदेश में 16 नवंबर से हिमाचल में विंटर सीजन शुरू होगा। इस बार मानसून सीजन के दौरान प्रदेश में सामान्य से दो फीसदी कम बादल बरसे हैं। 716.7 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है, जबकि 734.4 मिलीमीटर बारिश को सामान्य माना गया। प्रदेश से मानसून विदा होने की सामान्य तिथि 25 सितंबर है, लेकिन इस बार यह आठ दिन बाद 3 अक्तूबर को विदा हुआ। वर्ष 2021 में 8 अक्टूबर को मानसून विदा हुआ था। सामान्य से 12 फीसदी कम बारिश दर्ज हुई थी। इस मानसून सीजन में सबसे ज्यादा बारिश शिमला जिले में 898.6 मिलीमीटर दर्ज हुई। जबकि सबसे कम लाहौल-स्पीति जिले में (168.3 मिमी) हुई।

न्यूनतम तापमान
शिमला में न्यूनतम तापमान 16.0, सुंदरनगर 16.1, भुंतर 14.6, कल्पा 7.6, धर्मशाला 17.2, ऊना 20.8, नाहन 21.7, केलांग 6.2, पालमपुर 15.0, सोलन 15.4, मनाली 11.6, कांगड़ा 18.1, मंडी 17.3, बिलासपुर 19.0, हमीरपुर 17.5, चंबा 14.8, डलहौजी 16.5, कुफरी 14.8, रिकांगपिओ 11.8 और पांवटा साहिब में 23.0 डिग्री सेल्सियस रहा।

Related posts