प्रदेशभर में बारिश की संभावना, तापमान में आएगी गिरावट

प्रदेशभर में बारिश की संभावना, तापमान में आएगी गिरावट

नारनौल (हरियाणा)
मौसम में आए बदलाव के चलते शुक्रवार सुबह से ही हवाओं के तेज गति से चलने और बादल छाने से ठंड बढ़ गई, जिसकी वजह से लोग ठिठुरते रहे। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को प्रदेश में तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है। पश्चिमी विक्षोभ के चलते 9 जनवरी तक बारिश के आसार है। उसके बाद मौसम साफ होगा। प्रदेशभर में दिनभर बादलवाही रही और तेज हवा चलने से तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई।

वहीं नारनाैल में शुक्रवार को अधिकतम तापमान में गुरुवार के मुकाबले 6.3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी व न्यूनतम तापमान में 1.3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। शुक्रवार को नारनौल का अधिकतम तापमान 21.1 डिग्री व न्यूनतम तापमान 13.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।

राजकीय महाविद्यालय नारनौल के पर्यावरण क्लब के नोडल अधिकारी ने बताया कि शुक्रवार दोपहर से ही पवनें 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने लगी हैं। जिसकी वजह से गरज-चमक से बारिश में तीव्रता रहेगी। सीमित स्थानों पर ओलावृष्टि की भी संभावना है। शनिवार सुबह से बारिश की तीव्रता देखने के लिए मिलेगी। भारतीय मौसम विभाग द्वारा ऑरेंज अलर्ट जारी कर दिया गया है। वहीं प्रदेशभर में बारिश की संभावना है।

शनिवार सुबह नारनौल, नांगल चौधरी, सतनाली, महेंद्रगढ़, अटेली, कनीना, लुहारू, सीवानी, भिवानी, हिसार, फतेहाबाद, सिरसा समेत संपूर्ण हरियाणा में बारिश होने की संभावना है। 9 जनवरी को सुबह तक मौसम प्रणाली आगे निकल जाने की संभावना है।

9 जनवरी के बाद कोहरा बढ़ेगा और न्यूनतम व अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। किसानों को इस दौरान सिंचाई व केमिकल छिड़काव न करने की सलाह दी जाती है। मंडियों में कृषि फसलों से संबंधी सामग्री को तिरपालों से ढक कर रखें।

Related posts