प्रतिभा, जनारथा व पठानिया होंगे ईसी सदस्य

शिमला: हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय की कार्यकारी परिषद (ईसी) में मनोनीत सदस्यों के चयन को लेकर प्रक्रिया तेज हो गई है। सूत्रों के अनुसार पूर्व सांसद प्रतिभा सिंह, शिमला नगर निगम के पूर्व उप महापौर और हाल ही में शिमला शहरी से विधानसभा चुनाव लड़ चुके हरीश जनारथा और पूर्व विधायक कुलदीप पठानिया के नामों पर बतौर ईसी मनोनीत सदस्य मोहर लग सकती है। हालांकि अभी तक प्रदेश सरकार ने ईसी के मनोनीत सदस्य के तौर पर किसी के नाम की घोषणा नहीं की है लेकिन वर्तमान समय में उक्त तीनों के ईसी सदस्य बनने की संभावना सबसे अधिक है। आगामी कुछ दिनों में प्रदेश सरकार ईसी के मनोनीत सदस्य के तौर पर 3 व्यक्तियों के नामों की घोषणा कर
सकती है।

यहां बता दें कि हिमाचल प्रदेश में सत्ता परिवर्तन के बाद हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय समुदाय बीते एक माह से अधिक समय से प्रदेश सरकार पर नजरें जमाए हुए है और इंतजार किया जा रहा है कि प्रदेश सरकार किन्हें मनोनीत सदस्य के तौर पर ईसी में भेजती है। उम्मीद जताई जा रही है कि इस माह प्रदेश सरकार ईसी में 3 मनोनीत सदस्यों के तौर पर नामों की घोषणा कर दे। हालांकि सूत्रों की मानें तो प्रदेश सरकार प्रतिभा सिंह के अलावा हरीश जनारथा व कुलदीप पठानिया के नामों पर लगभग मोहर लगा चुकी है लेकिन कसुम्प्टी से कांग्रेस विधायक अनिरुद्ध ङ्क्षसह और ज्वालामुखी विधानसभा क्षेत्र से विधायक संजय रत्न के नामों पर भी चर्चा का दौर जारी है।

पूर्व सरकार में ये थे मनोनीत सदस्य
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय में पूर्व भाजपा सरकार के कार्यकाल में ईसी में मनोनीत सदस्यों में शिमला शहरी के विधायक सुरेश भारद्वाज के अलावा धनीराम शांडिल और कृपाल परमार शामिल थे लेकिन अब प्रदेश में सत्ता परिवर्तन के बाद इन तीनों के स्थान पर प्रदेश की कांग्रेस सरकार नए मनोनीत सदस्यों को विश्वविद्यालय की ईसी में शामिल करेगी।

प्रदेश विश्वविद्यालय में कार्यकारी परिषद (ईसी) की बैठक की तिथि अभी तय नहीं की गई है। निकट भविष्य में जल्द ईसी की बैठक आयोजित होगी।
डा. रणवीर वर्मा, जन संपर्क अधिकारी हि.प्र. विश्वविद्यालय

Related posts