
चंबा। पेंशनर वेलफेयर एसोसिएशन का प्रतिनिधिमंडल प्रदेशाध्यक्ष जीवानंद की अध्यक्षता में मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह से मिला। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह से पेंशनरों की लंबित मांगों को पूरा करने की मांग की है। एसोसिएशन के राज्य प्रवक्ता पीसी ओबराय ने कहा कि मुख्यमंत्री ने पेंशनरों की मांगों पर शीघ्र गौर करने का आश्वासन दिया है। आश्वासन मिला है कि पेंशनरों के लिए जेसीसी गठित की जाएगी। पेंशनरों की मांग है कि 72 प्रतिशत महंगाई भत्ते में से 50 प्रतिशत महंगाई भत्ते को बेसिक पेंशन में जोड़ा जाए। इसके अलावा 80 वर्ष पूर्ण करने वाले पेंशनरों की पेंशन में बढ़ोतरी करने, जिला स्तर पर बनी शिकायत निवारण कमेटियों में पेंशनरों के चुने हुए प्रतिनिधियों को सदस्य के रूप में शामिल करने की मांग भी उठाई। उन्होंने कहा कि हिप्र. बिजली बोर्ड ने चंबा शहर में पुरानी पड़ी बिजली की लाइनों को बदलने का कार्य युद्ध स्तर पर चलाया हुआ है। यह एक सराहनीय कदम है। उन्होंने कहा कि चंबा से पठानकोट जाने के लिए 122 किमी. की दूरी को तय करने में उतना ही समय लगता है, जितना दो दशक पहले लगता था। इस सड़क का अधिकांश भाग चंबा जिला के अंतर्गत आता है। लोनिवि ने दुनेरा से लेकर देविदेहरा तक सड़क की चौड़ाई की है, परंतु देवीदेहरा से लेकर चंबा तक सड़क की चौड़ाई काफी कम है। इससे आए दिन कोई न कोई दुर्घटना होती रहती है। उन्होंने विभागीय अधिकारी और जिला प्रशासन से गुहार लगाई है कि इस सड़क को जल्द चौड़ा किया जाए। इस अवसर पर हंसराज, बीपी पंत, ब्रिज बाला, डीके मेहता, तेज सिंह, केएल गुप्ता, पीएस पठानिया, देश राज, एमएम नैय्यर, भीम सेन, बीएल बेदी, टीएस पठानिया, केडी पुरी, चेत सिंह, रमेश गुप्ता, के चंद्रा, करतार सिंह, केसी वर्मा, हरी राम, कामेश गुप्ता, धारो राम, योग सिंह और सुभाष महाजन उपस्थित रहे।
