पुणे, हैदराबाद, बोध गया और अब क्या मुंबई!

नई दिल्ली। पहले पुणे, फिर हैदराबाद, बोध गया और क्या अब मुंबई।! पुणे ब्लास्ट मामले में दिल्ली पुलिस के हत्थे चढ़े आतंकियों ने जो खुलासे किए थे, उसके अनुसार हैदराबाद और बोध गया में तो ब्लास्ट हो चुके हैं। आतंकियों ने पुलिस को यह भी बताया था कि मुंबई के जेजे अस्पताल और उसके आसपास की मार्केट में ब्लास्ट करने के लिए आईएम ने रेकी करवाई थी। आतंकियों ने इसके लिए बाकायदा वीडियो भी बनाया था। दिल्ली ने उसी समय मुंबई पुलिस को सूचना दे दी थी। सूत्रों की मानें तो बोध गया में ब्लास्ट के बाद मुंबई में भी हाईअलर्ट जारी कर दिया गया है। आईएम के आतंकी असद, इमरान, फिरोज और लैंगडे इरफान ने इसका खुलासा किया था। आईईडी (इंप्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस) में माहिर सैय्यद मकबूल की इमरान से मुलाकात हुई थी। बाद में इमरान ने उसे असद और इरफान से मिलवाया। मकबूल ने सभी को बम बनाने की ट्रेनिंग दी थी। सूत्रों के मुताबिक, पकड़े जाने के बाद इन लोगों ने अपनी योजनाओं की जानकारी पुलिस को दी थी। इसमें हैदराबाद, बोध गया और मुंबई के जेजे अस्पताल में धमाकों की बात की गई थी। आशंका व्यक्त की जा रही है कि आतंकियों का अगला निशाना मुंबई हो सकता है। बोध गया धमाकों के बाद दिल्ली पुलिस अब बिहार पुलिस से जानकारियां शेयर करने बिहार जाने वाली है।

Related posts