
चंबा। सिंगी क्षेत्र के गांव दड़ोगा की युवती ने अपने परिवार के सदस्यों सहित उपायुक्त संदीप कदम से मुलाकात की और एक मांगपत्र सौंपा। युवती प्रियंका ने बताया कि अक्तूबर माह में चंबा-पठानकोट मार्ग पर तत्तवाणी के पास उनके पिता जगदीश चंद अचानक रावी नदी में गिर गए थे। उनका अभी तक अता पता नहीं चल पाया है। उन्होंने अचानक लापता हुए जगदीश चंद को गोताखोर की मदद से ढूंढने की उपायुक्त से मांग की है।
उन्होंने बताया कि वे बीते माह 10 अक्तूबर से लापता है और अभी तक उनके शव का पता नहीं चल पाया है। जगदीश चंद वेटनरी में बतौर फार्मासिस्ट कार्यरत थे। उसी दिन फार्मासिस्ट की मोटरसाइकिल व मोबाइल रावी नदी के किनारे तत्तवाणी के पास मिले थे। फार्मासिस्ट की बेटी और उसके परिवार के सदस्यों ने उपायुक्त से मांग की है कि लापता हुए फार्मासिस्ट की तलाश के लिए गोताखोरों की मदद ली जाए। सचिन व शीतल ने बताया कि लापता हुए फार्मासिस्ट का पता नहीं चल पाया है। लापता हुए व्यक्ति के बच्चे पढ़ाई कर रहे हैं और प्रशासन ने भी प्रभावित परिवार की कोई मदद नहीं है। उन्होंने उपायुक्त से प्रभावित परिवार को मदद करने की अपील की है।
उधर, उपायुक्त संदीप कदम ने आवश्यक कार्यवाही करने का आश्वासन दिया है और कहा कि जल्द प्रभावित परिवार की मदद की जाएगी।
