पालमपुर में गरमी ने तोड़ा पांच साल का रिकार्ड

पालमपुर (कांगड़ा)। मई माह में पड़ रही झुलसा देने वाली गरमी ने पालमपुर में पिछले पांच सालों का रिकार्ड तोड़ दिया है। शुक्रवार को पालमपुर में अब तक का सबसे अधिक गर्म दिन रहा। कृषि विवि के मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो आने वाले दिनों में तापमान में कमी आ सकती है।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार को पालमपुर व आसपास के इलाकों में 37.5 डिग्री तापमान रिकार्ड किया गया। इससे लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। हालांकि एक जून 2012 को पालमपुर में 38 डिग्री तक तापमान रिकार्ड किया गया था। 2012 में मई माह में 37 डिग्री, 2011 में 36 डिग्री, 2010 में 37 डिग्री, 2009 में 36.5 व 2008 में मई माह में 35 डिग्री तापमान रिकार्ड किया गया है। लेकिन अब की बार पड़ रही गरमी से हर कोई बेहाल है। मोहन लाल, रवि कुमार, विजय शर्मा, रविंद्र सिंह, उत्तम गोस्वामी, मदन लाल, अरुण मेहरा समेत कई लोगों का कहना है कि मई माह में पहले कभी भी ऐसी गर्मी पड़ती नहीं देखी। उधर, कृषि विवि के मौसम विभाग के वैज्ञानिक डा. राजेंद्र प्रसाद ने कहा कि आने वाले दिनों में तापमान कम होगा। पिछले पांच सालों में मई माह का 24 मई सबसे अधिक गर्म दिन रहा।

Related posts