नहीं बुझती आग तो जल जाता स्कूल

डरोह (कांगड़ा)। इलाके के गांव मूंढी में वीरवार लगी आग से भारी तबाही होने से बच गई। स्कूल के पास जंगल में लगी आग दोपहर को इतनी प्रचंड हुई कि आग स्कूल तक जा पहुंची। आग पर स्कूली बच्चों और अध्यापकों ने काबू पाया। आग इतनी तेज थी कि स्कूल के करीब 150 छात्रों और अध्यापकों को इस पर काबू पाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। इस आग पर करीब तीन घंटे बाद काबू पाया गया। अन्यथा स्कूल का सारा भवन जल कर राख हो जाता।
लेकिन बड़ी बात यह थी कि दमकल विभाग से कोई गाड़ी आग बुझाने नहीं पहुंची। जबकि वन विभाग का कोई कर्मचारी भी मौके पर नहीं पहुंचा। जबकि स्कूल से पांच सौ मीटर की दूरी पर वन विभाग का कार्यालय है। स्कूल के कार्यकारी प्राचार्य रविंद्र कुमार और अधीक्षक ओंकार चंद ने बताया कि कई बार फोन पर दमकल विभाग पालमपुर को सूचना दी लेकिन वहां से एक ही उत्तर मिल रहा था कि उनके पास गाड़ी उपलब्ध नहीं है और कर्मचारी अन्य जगह आग बुझाने के लिए गए हुए हैं। उधर, पालमपुर दमकल विभाग के दमकल अधिकारी लखबीर सिंह गुलेरिया ने बताया कि वीरवार को दोपहर के समय सभी कर्मचारी आग बुझाने के काम पर बाहर अलग-अलग स्थानों पर गए हुए थे, जिस कारण मूंढी गांव में गाड़ी नहीं जा सकी।

Related posts