
बंगाणा (ऊना)। क्षेत्र के के तूतड़ू में नादौन से बंगाणा आ रही एक निजी बस अनियंत्रित होकर ढांक से जा टकराई। हादसे में दो महिलाएं जख्मी हो गई हैं। लोगों की मदद से घायलाें को फौरन बंगाणा अस्पताल पहुंचाया गया। घटना के वक्त बस में 22 से 25 के करीब यात्री सवार थे। सूचना मिलते ही पुलिस ने घटना स्थल पर पहुंच कर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार शनिवार देर शाम नादौन से बंगाणा की ओर आ रही एक निजी बस का चालक अचानक तुतड़ू के पास नियंत्रण खो बैठा और बस पहाड़ी से जा टकराई। इससे बस में सवार यात्रियों में अफरातफरी मच गई। बस में सवार यात्री सहम गए। हादसे में दो महिलाएं घायल हो गईं, जिन्हें तुरंत लोगों की मदद से चिकित्सा केंद्र बंगाणा पहुंचाया गया। घायलों की पहचान 28 वर्षीय रीना कुमारी निवासी सोहारी टकोली और 32 वर्षीय रक्षा देवी निवासी नलबाड़ी के रूप में हुई है। हादसे में रीना के पैर और रक्षा के सिर पर चोटें आई हैं। उधर, बंगाणा थाना के एसएचओ महेंद्र कुमार का कहना है कि पुलिस ने घटना के संदर्भ में जांच शुरू कर दी है।
