
कुल्लू। जिला में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए घाटी के लोगों ने एक खुली चर्चा का आयोजन किया। इस दौरान कुल्लू शहर के बुद्धिजीवी वर्ग ने भाग लिया। बैठक में कुल्लू जिला में पर्यटन को बढ़ाने के लिए कार्य योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। इस अवसर पर ब्राह्मण जन कल्याण सभा के अध्यक्ष मनमोहन गौतम ने कहा कि कुल्लू में पर्यटन की अपार संभावना है, किंतु अभी तक इस ओर किसी भी तरह के प्रयास नहीं किए गए हैं। उन्होंने कहा कि कुल्लू जिले में ऐसे कई दैवीय स्थल हैं, जिन्हें पर्यटन की दृष्टि से विकसित करना तथा हर मंदिरों को सड़कों से जोड़ना होगा। उन्होंने कहा कि जिले के कई सुंदर स्थल सड़क से अभी तक अछूते हैं। इस अवसर पर कुल्लू पीपुल प्रोटक्शन सोसाइटी अध्यक्ष जीसी चंबयाल ने कहा कि कुल्लू में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए हर इनसान को जागरूक होना होगा। उन्होंने कहा कि कुल्लू में पर्यटक तो आता है लेकिन ज्यादा दिन नहीं रुकता। इस वजह से पर्यटन व्यवसाय से जुडे़ लोगों को इसका फायदा नहीं हो पाता है। उन्होंने कहा कि भुंतर के जिया संगम तथा कुल्लू में मोनो रेल की योजना को सिरे चढ़ाने के लिए सब को प्रयास करने होंगे। होटल व्यवसाय से जुड़े विजय सेन ने कहा कि कुल्लू में पर्यटकों को रोकने के लिए कुल्लू की जनता को समय रहते प्रयास करने होंगे तथा कुल्लू में पर्यटकों की सुविधा के लिए पर्यटन सूचना केंद्र तथा पार्किंग की सुविधा को बढ़ावा देना होगा। इस अवसर पर कुल्लू टैक्सी यूनियन, राफ्टिंग एसोसिएशन, व्यापार मंडल, हथकरघा से जुड़े लोगों ने भी कुल्लू के पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए विचार रखे।
