पति-पत्नी के सात जन्मों के बंधन में सोशल मीडिया डाल रहा दरार : राज्य महिला आयोग

पति-पत्नी के सात जन्मों के बंधन में सोशल मीडिया डाल रहा दरार : राज्य महिला आयोग

शिमला
आयोग की प्रदेशाध्यक्ष डॉ. डेजी ठाकुर ने बताया कि मोबाइल पर व्यस्त रहने के साथ लंबे समय तक फेसबुक और व्हाट्सएप चलाने के कारण पति-पत्नी में दूरियां बन रही हैं।
आयोग की प्रदेशाध्यक्ष डॉ. डेजी ठाकुर

अभी तक पति-पत्नी, सास-ससुर और देवर-भाभी के बीच होने वाली तू-तू, मैं-मैं से लेकर छोटे-छोटे विवाद परिवार टूटने का कारण बनते थे, लेकिन अब पति-पत्नी के सात जन्मों के बंधन में सोशल मीडिया दरार डालने लगा है। फेसबुक और व्हाट्सएप पर व्यस्तता की वजह से पति-पत्नी में कलह होने लगी है। शुक्रवार को राज्य महिला आयोग के समक्ष इसी तरह के तीन मामले आए, इनमें से धर्मशाला के एक मामले में पति-पत्नी के बीच विवाद को सुलझा दिया गया, जबकि मंडी और शिमला के एक-एक मामले में आयोग ने पति-पत्नी में काउंसलिंग करवाई है।

आयोग की प्रदेशाध्यक्ष डॉ. डेजी ठाकुर ने बताया कि मोबाइल पर व्यस्त रहने के साथ लंबे समय तक फेसबुक और व्हाट्सएप चलाने के कारण पति-पत्नी में दूरियां बन रही हैं। हर माह 6 से 8 शिकायतों में सोशल मीडिया पति-पत्नी के बीच विवाद की वजह बना है। आयोग दोनों पक्षों की काउंसलिंग करवाकर मामले सुलझा रहा है। इसके अलावा शुक्रवार को कुल 56 मामले सुनवाई के लिए आए। इनमें 21 का निपटारा किया गया। तलाक के चार मामले अदालत के लिए स्थानांतरित किए गए हैं।

धर्मशाला: पति मोबाइल पर रहता है व्यस्त, पत्नी को नहीं देता समय
कांगड़ा जिले के धर्मशाला की रहने वाली महिला ने शिकायत में बताया कि पति के सोशल मीडिया में व्यस्त रहने के कारण परिवार टूट रहा है। झगड़ा होने के कारण वह अब पति से अलग रह रही है। उनके दो बच्चे भी हैं। पति या तो देर शाम घर लौटता है या कई बार लौटता भी नहीं हैं। ऐसे में पति उसे समय नहीं दे पा रहा। जवाब में पति ने बताया कि ऑफिस के कामकाज के चलते वह मोबाइल पर व्यस्त रहता है। काउंसलिंग के दौरान पति ने विश्वास दिलाया कि वह पत्नी को भी समय देगा। इस शर्त पर पत्नी अपने पति के साथ रहने के लिए मानी।

शिमला: फेसबुक पर हुई दोस्ती के बाद की शादी, अब पति सोशल मीडिया पर व्यस्त
जिला शिमला की पीड़ित महिला ने बताया कि फेसबुक पर उसकी एक युवक से दोस्ती हुई और सिंतबर 2021 में शादी हो गई। अब पति उसको कम सोशल मीडिया को ज्यादा तवज्जो दे रहा है। दिनभर पति ऑनलाइन व्हाट्सएप एवं मोबाइल चलाता है। ऐसे में एक-दूसरे को समय देने के बजाय चैटिंग में लगातार व्यस्त रहने के कारण दांपत्य जीवन बिखर गया है।

मंडी: पति नहीं दिखाता मोबाइल, किसी अन्य महिला से चक्कर का शक
जिला मंडी की महिला भी आयोग के समक्ष इसी तरह की शिकायत लेकर पहुंची थी। पीड़िता का कहना है कि पति दिन भर मोबाइल में व्यस्त रहता है। उसे शक है कि उनका किसी महिला के साथ चक्कर चल रहा है। पति मोबाइल भी नहीं दिखाता है। ऐसे में उनके बीच झगड़ा हो रहा है। मौजूदा समय में महिला मायके में रह रही है। मंडी जिला की पीड़ित महिला ने बताया कि पति मोबाइल पर व्यस्त रहते हैं।

Related posts