त्योहारी सीजन में लोगों की सेहत के खिलवाड़ हो रहा है। क्योंकि मिठाइयों के लिए धड़ल्ले से मिलावटी खोये की सप्लाई हो रही है। लुधियाना में फूड एंड सेफ्टी विंग ने राजस्थान से आया 600 किलो मिलावटी खोया जब्त किया है।
मिलावटी खोये को जब्त करते विभाग के अधिकारी। – फोटो
त्योहारी सीजन में मिठाइयों की डिमांड बढ़ गई है। वहीं, त्योहारी सीजन के चलते खोये की खासी मांग रहती है। इसी मांग को देखते हुए अधिक मुनाफा कमाने के चक्कर में मिलावटखोरों की तरफ से बड़ी मात्रा में नकली और अमानक खोये की सप्लाई भी धड़ल्ले से की जाती है।
इस बार भी त्योहार के नजदीक आते ही लुधियाना शहर में खोये की सप्लाई बढ़ गई है। क्विंटल के हिसाब से खोया दूसरे राज्यों से मंगवाया जा रहा है। ऐसे में सेहत विभाग की अब हरकत में आ गया है। विभाग की टीम जांच और निरीक्षण के लिए छापेमारी कर रही है।
सेहत विभाग के फूड सेफ्टी विंग ने भारी मात्रा में मिलावटी खोया स्टोर होने की सूचना पर कार्रवाई करते हुए सोमवार को शिमलापुरी के रणजीत नगर इलाके में छापेमारी की। इस दौरान लगभग 600 किलोग्राम खोया बरामद हुआ, जिसे जांच टीम ने मौके पर ही जब्त कर लिया। यह खोया राजस्थान के बीकानेर से लुधियाना पहुंचा था और इसे 240 रुपये प्रति किलोग्राम के हिसाब से मिठाइयां बनाने के लिए खरीदा गया था।
फूड सेफ्टी विंग ने खोये के नमूने भरकर गुणवत्ता जांच के लिए भेज दिए और मौके पर नोटिस जारी किया। टीम ने चिमनी रोड की एक अन्य दुकान से भी खोया व चमचम के नमूने लिए। जिला स्वास्थ्य अधिकारी (डीएचओ) डॉ. अमरजीत कौर ने बताया कि फूड टेस्टिंग लैब से नमूनों की जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि यह छापेमारी लोगों के लिए सुरक्षित व शुद्ध खाद्य उत्पाद सुनिश्चित करने के अभियान का हिस्सा थी और इस तरह की छापेमारी आगे भी जारी रहेगी। उनके साथ फूड सेफ्टी अफसर योगेश गोयल, दिव्याजोत कौर और हरसिमरन कौर भी मौजूद थीं।