पंचायतीराज व्यवस्था के प्रशिक्षण में घालमेल

फीरोजाबाद। ग्राम पंचायत के प्रतिनिधियों को पंचायतीराज व्यवस्था का जिलेवार प्रशिक्षण देने वाली संस्था के खिलाफ रिकवरी निकालने की तैयारी की जा रही है। सूत्रों का कहना है कि प्रतिनिधियों को प्रशिक्षण देने के बजाय उनके नाम सीधे सूची में शामिल कर लिए गए। इसमें मोटा खेल किया गया।
पंचायत चुनाव संपन्न होने के बाद बसपा शासन में ग्राम पंचायत सदस्यों को पंचायती राज व्यवस्था की जानकारी देने के लिए प्रदेश भर में ब्लाकवार प्रशिक्षण आयोजित करने का निर्णय लिया था। इसकी जिम्मेदारी क्रियेट नाम की संस्था को दी गई थी। इसमें ग्राम पंचायत सदस्यों को तीन दिन का मानदेय 50 रुपये प्रतिदिन के हिसाब से 150 रुपये, भोजन एवं लंच की व्यवस्था के साथ पंचायत के विकास से जुड़ा साहित्य मुहैया कराना था। ग्राम पंचायत के तीन समितियों के अध्यक्षों को छोड़कर शेष सभी सदस्यों को प्रशिक्षित करना था। संस्था ने जिले के कुल 6520 ग्राम पंचायत सदस्यों में 4872 को ही प्रशिक्षण देना दर्शाया है। जांच कमेटी से जुड़े सूत्रों की माने तो अधिकांश ग्राम पंचायत सदस्यों को प्रशिक्षण ही नहीं दिया। जो सूची दर्शाई गई है उसमें नामों को सीधे जोड़ लिया है। जिले में बनी तीन कमेटियों में अधिकांश संस्था के खिलाफ रिकवरी निकालने की तैयारी कर रही हैं। डीपीआरओ इंद्रपाल सिंह ने बताया कि जिले में कोई प्रशिक्षण नहीं दिया गया। क्रियेट नामक संस्था का अनुबंध लखनऊ से था। जांच की जा रही है वह कमेटी जिलाधिकारी के निर्देशन में गठित की गई है या नहीं। जांच रिपोर्ट भी उन्हीं के माध्यम से शासन को भेजी जाएगी। एसडीएम सदर रामशंकर गौरव ने कहा कि बीडीओ से अभिलेख तलब किए जा रहे हैं। अन्य सदस्यों के द्वारा मामले की पड़ताल की जा रही है।

कहां कितने सदस्य हुए प्रशिक्षित
ब्लाक कितने सदस्य प्रशिक्षित नहीं मिला
जसराना 570 406 164
अरांव 618 500 118
टूंडला 760 496 264
शिकोहाबाद 809 554 255
एका 680 513 167
नारखी 731 517 214
मदनपुर 787 579 208
फीरोजाबाद 823 744 79
हाथवंत 742 563 179
———————————
कुल 6520 4872 1648
———————————

Related posts

Leave a Comment