नो पार्किंग में पार्किंग पर पुलिस सख्त

ऊना। ऊना शहर तथा साथ लगते क्षेत्रों में 25 अक्तूबर से प्रभावी सड़क सुरक्षा अभियान चलेगा। इसके अलावा वाहनों को नो पार्किंग या बेतरतीब ढंग से सड़क के बीच पार्क करने वालों के तुरंत चालान काटे जाएंगे। यह फैसला मंगलवार को स्थानीय थाना सदर में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र ठाकुर तथा एसएचओ ऊना केएल बैरी की उपस्थिति में हुई रोड सेफ्टी क्लब की बैठक में लिया गया। ‘अमर उजाला’ ने शहर में बेतरतीब खड़े वाहन और नो पार्किंग जोन में गाड़ियां खड़ी करने के मामले को प्रमुखता से उठाया था। इसके चलते पुलिस प्रशासन ने हरकत में आते हुए इस पर लगाम लगाने का निर्णय लिया है।
एएसपी वीएस ठाकुर ने कहा कि सड़क सुरक्षा हर व्यक्ति के लिए जरूरी है। क्लब के अध्यक्ष कंवर हरि सिंह, वरिष्ठ सदस्य एमआर शर्मा, बीडीसी सदस्य भूपेंद्र सिंह, जिला व्यापार मंडल के प्रधान राकेश कैलाश, टैक्सी यूनियन प्रधान जय सिंह, गुरविंद्र सिंह, सुरेंद्र कुमार, शाम नाथ वशिष्ठ, विपिन कुमार कपिला, अवतार सिंह तथा रणवीर सिंह ने भी सुझाव दिए। सभी दोपहिया वाहन चालक और साथ बैठी सवारी के लिए हेलमेट पहनना अनिवार्य होगा। ट्रिपल राइडिंग या अव्यस्कों द्वारा दोपहिया वाहन चलाने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा। यह भी निर्णय लिया गया कि शहर में बिना लाइसेंस या नगर परिषद की अनुमति के बिना रेहड़ी लगाने वालों के खिलाफ पुलिस तथा संबंधित सरकारी विभाग चेकिंग करके सख्त कार्रवाई करेंगे। राहगीरों के निर्धारित मार्ग पर रेहड़ी-फड़ी लगाने या दुकानों के सामने अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों के खिलाफ भी कार्रवाई होगी। साथ ही शहर सीमा में तथा अस्पतालों एवं शिक्षण संस्थानों के पास वाहनों की गति सीमा इंगित करते बोर्ड लगाए जाएंगे। दुर्घटनाएं रोकने के लिए उपयुक्त स्थानों पर सड़क सुरक्षा क्लब तथा विभिन्न संस्थाओं के सौजन्य से जन चेतना व सावधानी के बोर्ड भी लगाए जाएंगे।
एएसपी वीरेंद्र ठाकुर ने समाज के हर वर्ग से शहर में ट्रैफिक नियंत्रण तथा सुरक्षा सुनिश्चित करने का आह्वान किया। चेतावनी भी दी कि कानून का उल्लंघन करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। बैठक में एसएचओ केएल बैरी, एएसआई ट्रैफिक कुलदीप पठानिया, हेड कांस्टेबल संजीव कुमार, अवतार सहित अन्यों ने सड़क सुरक्षा के लिए टीम भावना से काम करने का भरोसा जताया।

Related posts