नैतिकता के आधार पर इस्तीफा दें कर्ण : भाजयुमो

सैंज (कुल्लू)। बंजार भारतीय जनता युवा मोर्चा ने बंजार के विधायक कर्ण सिंह से नैतिकता के आधार पर इस्तीफा देने की मांग की है। बंजार भाजयुमो अध्यक्ष हरिराम चौधरी और महासचिव सुभाष ठाकुर ने कहा कि बंजार में अग्निकांड से प्रभावित महिलाओं से किए गए दुर्व्यवहार के बाद विधायक को अपने पद पर रहने का कोई नैतिक अधिकार नहीं रहता। उन्होंने कहा कि एक तो विधायक बंजार में अग्निशमन केंद्र खोलने में नाकाम रहे हैं और दूसरी ओर प्रभावितों पर अभद्र भाषा प्रयोग कर अपनी संकीर्ण मानसिकता का परिचय दिया है। भाजयुमो नेताओं ने कहा कि विधानसभा के नुमाइंदे होने के नाते विधायक कर्ण सिंह का नैतिक कर्तव्य बनता है कि वह बंजार की समस्याओं को विधानसभा में उठाते। बंजार के लिए अग्निशमन केंद्र खोलतेे, लेकिन अफसोस इस बात का है कि कर्ण सिंह बंजार घाटी की समस्याओं को ठेंगे पर रख कर रंजिश की राजनीति करने पर आमादा हो गए हैं। कहा कि कर्ण सिंह बंजार के अग्निकांड में भी राजनीतिक रोटियां सेक रहे हैं। यही नहीं, अग्निकांड प्रभावित बंजार की महिलाओं के साथ किया गया दुर्व्यवहार भी निंदनीय है। युवा मोर्चा बंजार मांग करती है कि विधायक अपने किए पर प्रभावित महिलाओं से माफी मांगें अन्यथा उनका घेराव किया जाएगा।

Related posts