निर्विरोध चुनाव पर नहीं बनी बात

शिमला। 22 दिसंबर को व्यापार मंडल चुनाव के मतदान से पूर्व रविवार को अध्यक्ष समेत पांच मुख्य पदों पर आम सहमति बनाने के लिए एसडी स्कूल में कारोबारियों ने बैठक का आयोजन किया। लेकिन बैठक बेनतीजा रही और किसी भी पद पर सहमति नहीं बन सकी। अब सोमवार को कारोबारी आम सहमति के लिए दोबारा बैठक करेंगे। हालांकि रविवार को आयोजित बैठक में मौजूदा व्यापार मंडल अध्यक्ष रमेश सूद मौजूद नहीं रहे।
बैठक में मौजूद रहे व्यापार मंडल के पूर्व अध्यक्ष कं वलजीत सिंह ने बताया कि बैठक में सभी विचारधारा के कारोबारी मौजूद रहे। करीब डेढ़ घंटे तक चली इस बैठक में व्यापार मंडल अध्यक्ष सहित उपाध्यक्ष, महासचिव, सह सचिव और कोषाध्यक्ष पद पर बिना चुनाव एकमत से सहमति बनाने पर चरचा हुई। बैठक में हुई चरचा से कोई फैसला नहीं हो सका है। सोमवार को भी आम सहमति बनाने पर चरचा जारी रहेगी। यदि किसी पद पर बिना चुनाव के सर्वसम्मति से किसी को चुना जाता है, तो इससे कारोबारियों में एकता बनी रहेगी। कंवलजीत के अनुसार बैठक में मुकेश शारदा, संजीव कुठियाला, देवेंद्र, नितिन, पुरुषोत्तम, ओम सूद, मलकीयत सिंह, सुरेंद्र कुमार, देव राज शर्मा और गोस्वामी आदि मौजूद रहे।
—————-
मुझे नहीं दी बैठक की सूचना : रमेश
शिमला। कारोबारियों को एकजुट कर आम सहमति बनाने के प्रयास का स्वागत करते हुए निवर्तमान व्यापार मंडल अध्यक्ष रमेश सूद ने नाराजगी जताते हुए कहा कि कम से कम इसके लिए हर विचारधारा से संबंधित कारोबारियों को बैठक में बुलाया जाना चाहिए था। बैठक करने वालों ने उन्हें बुलाना या सूचित करना उचित नहीं समझा। उनका कहना है कि बावजूद इसके यदि ऐसी किसी बैठक के लिए उन्हें बुलाया जाता है, तो वे जरूर जाएंगे और अपने विचार रखेंगे।

Related posts