
भरमौर (चंबा)। चौरासी परिसर भरमौर में भारतीय पुरातत्व विभाग द्वारा भारतीय धरोहर सप्ताह का शुभारंभ किया गया। यह सप्ताह 19-25 नवंबर तक चलेगा। इसमें भारतीय पुरातत्व विभाग के शिमला से आए प्रथम श्रेणी के सर्वेक्षक अशोक कौंडल ने प्राचीन धरोहरों के बारे में लोगों को बताया और इसके रखरखाव व इसके महत्व के बारे में लोगों को जानकारी दी। उन्होंने धरोहरों को बचाने के लिए लोगों से अपील की। उन्होंने कहा कि इस सप्ताह के दौरान प्रदेश के विभिन्न स्थानों में कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा और लोगों को धरोहरों के संरक्षण के बारे में जानकारी दी जाएगी। इस मौके पर छह स्कूलों के पांच-पांच बच्चों की चित्रकला व निबंध प्रतियोगिता भी करवाई गई। निबंध प्रतियोगिता में उषा ठाकुर डीएवी स्कूल भरमौर ने पहला, भरमौर स्कूल के अक्षय कुमार ने दूसरा व जय कृष्णगिरी स्कूल की आकांक्षा भारद्वाज ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। चित्रकला प्रतियोगिता में डीएवी स्कूल की काजल ठाकुर ने प्रथम, भरमौर स्कूल के रमन कुमार ने द्वितीय व कन्या उच्च पाठशाला भरमौर की मोनिका शर्मा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इस मौके पर भारतीय पुरातत्व के संरक्षण सहायक पीके डोगरा, अंशुमन, एसएचओ भरमौर ज्ञान चंद ठाकुर मौजूद रहे।
वार्षिक समारोह में नवाजे मेधावी
मैहला (चंबा)। स्थानीय जय कृष्ण गिरि सरस्वती विद्या मंदिर में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह आयोजित किया गया। इसमें मुख्यातिथि के तौर पर एनएचपीसी के जीएम एके ग्रोवर ने शिरकत की। इसका आयोजन कर्म सिंह जसरोटिया की अध्यक्षता में हुआ। इस दौरान स्कूल के प्रधानाचार्य अनिल शर्मा, स्कूल प्रबंधन कमेटी के उपाध्यक्ष शिव कुमार ठाकुर, ईश्वर कश्मीरी व ओम प्रकाश भी मौजूद रहे। इस अवसर पर स्कूल के संरक्षक महंत रवि गिरि ने मेधावी छात्रों सचिन, आर्थी, अभिषेक, यामिनी, हिमांगी, वंशिका, भुवनेश व प्रीतिका को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। स्कूली बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए।
