दूसरे गांवों से लाना पड़ रहा पानी

सिंहुता (चंबा)। सिंहुता की ग्राम पंचायत जोणा के बनाई गई क्षतिग्रस्त पेयजल लाइन की दो वर्षों के बाद भी मरम्मत नहीं हो पाई है। इस कारण लोगों को दूसरे गांवों से पानी लाना पड़ रहा है। पंचायत के बनाई गई 10 किलोमीटर लंबी चिहाणी-मिहाणी पेयजल लाइन दो वर्ष पूर्व बरसात के दिनों में क्षतिग्रस्त हो गई थी, लेकिन इसकी अभी तक मरम्मत नहीं की गई है। क्षतिग्रस्त लाइन की पाइपें इधर-उधर पड़ी हुई हैं। इसके चलते पंचायत के एक दर्जन गांवों के लोगों को पेयजल किल्लत का सामना करना पड़ रहा है। पेयजल लाइन की मरम्मत न होने से पंचायत की 1200 की आबादी को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। इस पेयजल लाइन में एक किलोमीटर पर 166 पाइपें बिछाई गई हैं। पेयजल लाइन की मरम्मत की स्थानीय लोग कई बार मांग कर चुके हैं। इसके बावजूद भी सिंचाई एंव जनस्वास्थ्य विभाग ने लाइन की सुध नहीं ली है। इसके चलते लोगों में विभाग के प्रति रोष पनपना शुरू हो गया है। स्थानीय ग्रामीणों विजय कुमार, दिनेश कुमार, विनय कुमार, अमित, दिनेश, अक्षय कुमार, मनोज, दीपक कुमार, विकास, विशाल, अनित शर्मा, विकास सिंह, सुरेंद्र सिंह, विजय ने बताया कि इस पेयजल लाइन से पानी न आने के चलते उन्हें मजबूरन दूसरे गांवों से पानी लाना पड़ रहा है। इससे काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है। उन्होंने विभाग से मांग की है कि जल्द पेयजल लाइन की मरम्मत करवाई जाए। उधर, सिंचाई एवं जनस्वास्थ्य विभाग के एसडीओ देसराज चौधरी से बात की गई तो उन्होंने बताया कि एक माह के भीतर क्षतिग्रस्त पेयजल लाइन का मरम्मत कार्य शुरू करवा दिया जाएगा और लोगों की पेयजल समस्या का समाधान किया जाएगा।

Related posts