निगम की बस बंद होने से बढ़ी मुश्किलें

छतराड़ी (चंबा)। चंबा-छतराड़ी-कूंर रूट पर निगम की बस बंद होने से सवारियों को गंतव्य तक पहुंचने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बस न चलने से सवारियों को पैदल ही अपने घरों तक पहुंचना पड़ रहा है। बस कूंर से साढ़े छह बजे चंबा के लिए आती है। इसमें कूंर, छतराड़ी व आसपास के इलाकों से लोग चंबा आते हैं। बस में कर्मचारी और स्कूली बच्चे भी सफर करते हैं। वहीं, चंबा से कूंर के लिए बस शाम 4 बजे चलती है। बस न आने के कारण कर्मचारियों को भी गंतव्य तक पहुंचने में परेशानी पेश आ रही है। सवारियों को निजी वाहन हायर कर गंतव्य तक पहुंचना पड़ रहा है। जानकारी के अनुसार 13 नवंबर से बस रूट पर नहीं आ रही है। सवारियों में खीनू राम, प्रकाशो, महेंद्र सिंह, रमेश कुमार, अनूप सिंह, देस राज, अंग्रेज कुमार, ठाणू राम, रांझा राम, रीना देवी, किशोरी लाल ने बताया कि रूट पर निगम की बस नहीं आ रही है। बताया कि 13 नवंबर से बस रूट पर नहीं आई। इस वजह से सवारियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सवारियों को मजबूरी में अतिरिक्त पैसा अदा कर निजी वाहन हायर करने पड़ रहे हैं। बस न आने से सबसे ज्यादा परेशानी स्कूली बच्चों और कर्मचारियों को हो रही है। उन्होंने एचआरटीसी प्रबंधन से जल्द ही रूट पर निगम की बस चलाने की मांग की है। वहीं, एचआरटीसी के आरएम विनोद कुमार ठाकुर ने बताया कि निगम के पास स्टाफ की कमी चल रही है। इस वजह से बस रूट पर नहीं भेजी जा रही है। जैसे ही स्टाफ की तैनाती हो जाएगी, बस को रूट पर रूटीन में भेजा जाएगा।

Related posts